राज्यसभा चुनाव : छत्तीसगढ़ से राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन ने भरा पर्चा, जोगी कांग्रेस ने भी उतारा उम्मीदवार

राज्यसभा चुनाव : छत्तीसगढ़ से राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन ने भरा पर्चा, जोगी कांग्रेस ने भी उतारा उम्मीदवार रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा उम्मीदवार राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन ने आज पर्चा दाखिल किया है। विधानसभा में कांग्रेस का बहुमत है, इसलिए दोनों प्रत्याशी का जीत तय है। लेकिन जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) ने भी अपनी उम्मीदवार उतार दिया है। राज्यसभा प्रत्याशी को जीत के लिए 37 विधायकों का वोट जरूरी है।       गौरतलब है कि कांग्रेस ने रविवार देर रात राज्यसभा के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। उसके एक दिन बाद सोमवार शाम को पार्टी के दोनों उम्मीदवार राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन दिल्ली से रायपुर पहुंचे। मंगलवार की सुबह दोनों ने सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की थी। यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक में दोनों उम्मीदवारों का विधायकों ने परिचय कराया गया। यहीं नामांकन के प्रस्तावक और समर्थकों ने हस्ताक्षर किए। इस बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्रियों-विधायकों के साथ दोनों प्रत्याशियों को लेकर विधानसभा पहुंचे। यहां राज्यसभा के दोनों पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। पूर्व मंत्री हरिदास भारद्वाज जेसीसीजे उम्मीदवार विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या और विपक्षी विधायकों की संख्या के आधार पर यह माना जा रहा था कि विपक्ष की तरफ से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा जाएगा। मगर आखिर वक्त में जेसीसीजे ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। उनकी तरफ से पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिदास भारद्वाज को उतारा गया है। बता दें कि भाजपा सांसद रामविचार नेताम और कांग्रेस की छाया वर्मा का कार्यकाल 29 जून को पूरा हो रहा है। उनके बाद 30 जून से इन दो नए सांसदों का कार्यकाल शुरू होगा। इसके बाद राज्यसभा में छत्तीसगढ़ से कांग्रेस से फूलोदेवी नेताम, केटीएस तुलसी, राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन होंगे। वहीं भाजपा से सरोज पांडेय होंगी।