आईएएस अधिकारियों का तबादला, गरियाबंद कलेक्टर बदले गए, बालोद बवाल के बाद एसपी का हुआ ट्रांसफर
आईएएस अधिकारियों का तबादला, गरियाबंद कलेक्टर बदले गए, बालोद बवाल के बाद एसपी का हुआ ट्रांसफर
रायपुर। राज्य सरकार ने आईएएस अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, गरियाबंद कलेक्टर का स्थानांतरण हो गया है। उनके स्थान पर अब प्रभात मलिक गरियाबंद के कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अंकित आनंद को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है उन्हें सीएम सचिवालय में सचिव बनाया गया है साथ ही ऊर्जा विभाग के सचिव और बिजली कंपनी के अध्यक्ष का प्रभार बना रहेगा।
गरियाबंद कलेक्टर नम्रता गांधी को संयुक्त सचिव मंत्रालय में पदस्थ किया गया है वहीं उनके बदले प्रभात मलिक को गरियाबंद जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है।
इसके अलावा सीइओ रायगढ़ रवि मित्तल को सीईओ रायपुर बनाया गया है। मयंक चतुर्वेदी स्मार्ट सिटी के प्रबंध संचालक बनाए गए। साथ ही रायपुर नगर निगम के कमिश्नर का प्रभार यथावत रहेगा। अविनाथ मिश्रा को रायगढ़ का जिला पंचायत सीईओ बनाया गया है।
बालोद एसपी का तबादला
प्रदेश सरकार ने बालोद एसपी गोवर्धन राम ठाकुर का ट्रांसफर कर दिया है। उन्हें सहायक पुलिस महानिरीक्षक पद पर पुलिस मुख्यालय वापस बुला लिया गया है। उनकी जगह पर जितेंद्र कुमार यादव को बालोद एसपी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि बालोद में हुए विवाद के कारण उनका तबादला किया गया है। कहा जा रहा है कि जिला पुलिस के कप्तान के तौर पर वे मामले को संवेदनशीलता से संभाल नहीं पाए।
जानिए बालोद में क्या विवाद हुआ था
मई महीने की शुरुआत में बालोद जिले के पाटेश्वर धाम में बलि चढ़ाने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुी थी। मारपीट के विरोध में सर्व आदिवासी समाज, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा ने बालोद बंद का आव्हान किया था। बंद कराने के दौरान व्यापारी और बंद समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। इसी मामले में मंच से छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल ने एक बयान दिया, जिसे जैन समाज आपत्तिजनक बयान का आरोप लगाया। शनिवार को जैन समाज का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मामले की शिकायत की थी। सोमवार रात को बालोद पुलिस ने अमित बघेल को सरगुजा से गिरफ्तार कर लिया।