तड़प तड़प के इस दिल से आह... लाइव शो के बाद मशहूर गायक केके का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

तड़प तड़प के इस दिल से आह... लाइव शो के बाद मशहूर गायक केके का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक डेस्क। बॉलीवुड के मशहूर गायक केके का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। केके मंगलवार को महज 53 साल की उम्र में अपने फैंस को रुलाकर दुनिया को अलविदा कह गए। कोलकाता के नजरूल मंच में एक संगीत कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के दौरान केके की तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद वह होटल लौट आए और गिर गए। उन्हें रात करीब साढ़े दस बजे कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमआरआई) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। केके के निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक का माहौल पैदा हो गया है। केके निधन पर पीएम मोदी ने शोक व्यक्त किया है। केके का पूरा नाम कृष्णकुमार कुन्नथ था। केके ने हिंदी के साथ ही कई अन्य भाषाओं में भी गीत गाए थे। केके ने तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, मराठी, बांग्ला, असमी और गुजराती भाषा की फिल्मों के गीतों को भी अपने स्वर से सजाया था। दिल्ली में जन्में केके की कर्मभूमि मुंबई रही। केके बचपन में डॉक्टर बनना चाहते थे। केके ने दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से पढ़ाई की। दिल्ली यूनिवर्सिटी से वाणिज्य में स्नातक करने के बाद केके ने एक होटल में नौकरी की। होटल की नौकरी केके ने आठ महीने बाद ही छोड़ दी। साल 1991 में केके की शादी हो गई।  केके ने अपनी शादी के करीब तीन साल बाद 1994 में मायानगरी मुंबई का रुख किया। अपने सपने की तलाश में मुंबई पहुंचे केके गायन की दुनिया में एक ब्रेक की तलाश में जुट गए। केके को 1994 में यूटीवी के एक विज्ञापन से ब्रेक मिला और फिर शुरू हो गया कृष्णकुमार कुन्नथ के बॉलीवुड का मशहूर गायक केके बनने का सफर। केके को फिल्म माचिस का गाना 'छोड़ आए हम' से बॉलीवुड में ब्रेक मिला और इसके बाद जो हुआ, वह पूरी दुनिया जानती है। केके ने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक सुपरहिट गाने देते चले गए। बॉलीवुड में आने से पहले केके ने करीब 3500 जिंगल्स गाए थे। केके के चर्चित गानों की बात करें तो 'यारों' काफी लोकप्रिय रहा। सलमान खान, अजय देवगन और ऐश्वर्या राय की फिल्म हम दिल दे चुके सनम का गाना 'तड़प-तड़प के इस दिल से', बचना ऐ हसीनों का 'खुदा जाने', काइट्स का 'जिंदगी दो पल की', जन्नत का गाना 'जरा सा', गैंगस्टर का गाना 'तू ही मेरी शब है', शाहरुख खान की फिल्म ओम शांति ओम का गाना 'आंखों में तेरी अजब सी' भी काफी लोकप्रिय हुए। बजरंगी भाईजान फिल्म का गाना 'तू जो मिला', इकबाल का 'आशाएं' और अजब प्रेम की गजब कहानी का गाना 'मैं तेरी धड़कन' ने भी खूब लोकप्रियता बटोरी। केके ने हिंदी के अलावा बांग्ला और कई अन्य भाषाओं के गानों को भी अपनी आवाज दी। दो दशक से अधिक समय तक संगीतप्रेमियों के दिलों पर राज करने वाली आवाज अब खामोश हो गई है।