सौरव गांगुली की ट्वीट से कयास, बीसीसीआई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की चर्चा, जानें वजह

सौरव गांगुली की ट्वीट से कयास, बीसीसीआई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की चर्चा, जानें वजह स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर और बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने एक ट्वीट किया है, जिसे लेकर कई अटकलें लगाई जा रही है। चर्चा है कि सौरव बीसीसीआई अध्यक्ष पद छोड़ सकते हैं। यह अटकलें सौरव की एक ट्विटर पोस्ट के बाद लगाई जाने लगीं, जिसमें उन्होंने लिखा है कि मैं कुछ ऐसा शुरू करने की योजना बना रहा हूं, जो मुझे लगता है कि शायद बहुत से लोगों की मदद करेगा। मुझे आशा है कि मेरे जीवन के इस अध्याय में प्रवेश करते ही आप समर्थन जारी रखेंगे। सौरव के इस ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर उनके इस्तीफे की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि इस बारे में बीसीसीआई के सेक्रेटरी जय शाह ने ANI से बात करते हुए कहा कि, 'भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष के पद से सौरव गांगुली ने इस्तीफा नहीं दिया है।' गौरतलब है कि बीसीसीआई अध्यक्ष पद का तीन साल का गांगुली का कार्यकाल इसी साल सितंबर में खत्म होना है।  दरअसल गांगुली ने अपने ट्वीट में नई पारी की शुरुआत की बात की है, जिसके बाद यह कयास लगाए जाने लगे कि उन्होंने बीसीसीआई चीफ के पद से इस्तीफा दे दिया है। गांगुली ने सोशल मीडिया पर लिखा, '2022 में मेरी क्रिकेट के साथ यात्रा 30 साल की हो गई, जो मैंने 1992 में शुरू की थी। इसके बाद से क्रिकेट ने मुझे बहुत कुछ दिया है।' गांगुली ने आगे लिखा, 'सबसे अहम क्रिकेट ने मुझे आप सबका सपोर्ट दिया है। मैं हर एक शख्स को शुक्रिया कहना चाहता हूं जो भी मेरे इस सफर में मेरे साथ रहे, जिन्होंने मुझे सपोर्ट दिया, जिन्होंने मेरी मदद की, वहां पहुंचने में जहां आज मैं हूं। आज मैं कुछ ऐसा शुरू करने के बारे में सोच रहा हूं जिससे मुझे लगता है कि लोगों की मदद होगी। मुझे उम्मीद है कि जीवन के इस नए अध्याय में भी मुझे आप लोगों का साथ मिलेगा।' बता दें कि पिछले दिनों कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने आए गृह मंत्री अमित शाह ने सौरव से भी मुलाकात की थी। इस दौरान गृह मंत्री ने सौरव के घर पहुंचे थे और वहां दोनों ने साथ में डिनर भी किया। इस दौरान सुवेंदु अधिकारी और कई अन्य बीजेपी नेता भी डिनर में शामिल हुए।