खूनी नेशनल हाईवे : सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, भगवान ने बचाई बच्चे की जान

खूनी नेशनल हाईवे : सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत, भगवान ने बचाई बच्चे की जान रायपुर। राजधानी में सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई है। हादसा आरंग से रायपुर नेशनल हाइवे मार्ग की है। घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, टेकरी गांव मंदिर हसौद निवासी राजेन्द्र कुमार बाइक में सवार होकर आरंग से रायपुर की ओर आ रहा था। बाइक में उसके साथ एक महिला भी थी। इस दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवक और महिला दोनों सड़क पर गिर गए। इस हादसे में महिला और पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की पहचान उसके गाड़ी नंबर के आधार पर कर ली गई है। वहीं महिला की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे में दंपति का एक साल का बच्चा बाल-बाल बच गया। चश्मदीदों ने भागकर बच्चे को उठाया, तब तक बच्चा खुद ही उठकर बैठ गया था और मृत मां-पिता को देखकर बिलख रहा था। भीषण सड़क हादसे में जिस तरह से पति पत्नी की मौत हुई और बच्चे को खरोच तक नहीं लगी, उसे लोग ईश्वर का करिश्मा ही बता रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मृतक इयरफोन लगाकर बाइक चला रहा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। बता दें कि आरंग से रायपुर आने वाला नेशनल हाइवे खूनी हाईवे बन गया। एक हफ्ते में तीन सड़क हादसों में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है।