राज्यसभा चुनाव : छत्तीसगढ़ से राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन निर्विरोध चुने गए, विधानसभा सचिव ने दिया प्रमाण पत्र रायपुर। छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन निर्विरोध चुन लिये गए हैं। नाम वापसी का समय पूरा होने के बाद विधानसभा सचिव ने प्रमाण पत्र दिया। कृषि व संसदीय कार्य मंत्री रविंद चौबे, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय और विधायक कुलदीप जुनेजा के साथ रंजीत अपना सर्टिफिकेट लेने गई थीं। हालांकि राजीव शुक्ला अपना सर्टिफिकेट लेने नहीं आए। उनके भाई ने सर्टिफिकेट लिया। सर्टिफिकेट लेने के बाद रंजीत विधानसभा स्पीकर डॉ. चरणदास महंत के निवास पहुंचीं। वहां डॉ. महंत व सांसद ज्योत्सना महंत से भेंट की। राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन के राज्यसभा में जाने के बाद अब छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के चार सांसद हो जाएंगे। इनमें फूलोदेवी नेताम, केटीएस तुलसी, राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन शामिल हैं। शुक्ला पहले यूपीए सरकार में मंत्री रह चुके हैं, जबकि रंजन लोकसभा से सांसद चुनी गई थीं।