कैमिकल फैक्टरी में भीषण धमाका, 9 मजदूरों की मौत, 20 घायल लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हापुड़ के धौलाना में एक कैमिकल फैक्टरी में भीषण धमाका हो गया है। फैक्ट्री में बॉयलर फटने से 9 मजदरों की मौत हो गई है और 20 लोग घायल बताए जा रहे है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई है। यह घटना हापुड़ जिले के पुलिस थाना धौलाना औद्योगिक क्षेत्र की है। इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के भी निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के लिए शोक संवेदना जताई है। साथ ही अधिकारियों को इस घटना पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया जाए और उनका समुचित इलाज कराया जाए। PM मोदी ने भी जताया दुख हापुड़ में हुए इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, "उत्तर प्रदेश के हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के इलाज और दूसरी हर संभव सहायता में राज्य सरकार तत्परता से जुटी है।"