IIFA अवार्ड्स-2022 : बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड विक्की कौशल ने जीता, सुनील शेट्टी के बेटे को बेस्ट डेब्यू मेल का खिताब

IIFA अवार्ड्स-2022 : बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड विक्की कौशल ने जीता, सुनील शेट्टी के बेटे को बेस्ट डेब्यू मेल का खिताब डेस्क। आईफा (IIFA) अवार्ड्स-2022 का आयोजन अबू धाबी के यस आईलैंड में किया गया। 2 जून से शुरू हुए इस अवॉर्ड शो में बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा देखा गया। सेलेब्स ने ना केवल अपने लुक्स से फैंस को चकित किया, बल्कि मंच पर अपनी परफॉर्मेंस से भी दंग किया। इस साल का बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड विक्की कौशल ने अपनी फिल्म 'सरदार उधम सिंह' के लिए जीता। वहीं बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड कृति सेनन को उनकी फिल्मी मिमी के लिए दिया गया। बेस्ट प्लेबैक सिंगर फीमेल का खिताब गायिका असीस कौर ने रातां लम्बियां (शेरशाह) के लिए अपने नाम किया। वहीं, बेस्ट प्लेबैक सिंगर मेल का अवॉर्ड जुबिन नौटियाल ने रातां लम्बियां (शेरशाह) के लिए जीता। जुबिन नौटियाल ने ये अवॉर्ड अपने माता-पिता को डेडिकेट किया। बेस्ट लिरिक्स के लिए आईफा अवॉर्ड कौसर मुनीर ने जीता। कौसर मुनीर को ये अवॉर्ड फिल्म 83 के गाने 'लहरा दो' के लिए मिला। बेस्ट डेब्यू मेल का खिताब अहान शेट्टी ने अपने नाम किया। 'तड़प' के लिए उन्हें इस पुरस्कार से नवाजा गया। इस अवॉर्ड को उन्होंने अपने पापा सुनील शेट्टी के हाथों से लिया। बेस्ट डेब्यू फीमेल के लिए शरवरी वाघ को चुना गया। बंटी और बबली 2 के लिए उन्हें ये खिताब दिया गया। बेस्ट स्टोरी एडॉप्टेड के लिए फिल्म 83 को चुना गया. ये फिल्म आईसीसी वर्ल्ड कप 1983 पर आधारित है। बेस्ट स्टोरी ओरिजिनल के लिए IIFA अवॉर्ड अनुराग बसु की फिल्म 'लूडो' को दिया गया। इस अवॉर्ड को देने स्पोर्ट्सबज डॉट कॉम के चेयरमैन नीतीश धवन और शाहिद कपूर मंच पर पहुंचे।  सपोर्टिंग रोल (मेल) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार बेहतरीन एक्टर पंकज त्रिपाठी को फिल्म 'लूडो' के लिए दिया गया। सपोर्टिंग रोल (फीमेल) का खिताब एक्ट्रेस सई ताम्हणकर को फिल्म 'मिमी' के लिए दिया गया। विष्णुवर्धन ने फिल्म शेरशाह में अपने शानदार निर्देशन के लिए IIFA अवॉर्ड जीता। आईफा अवॉर्ड्स 2022 में शेरशाह की धूम रही। 'शेरशाह' को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला. वहीं, तनिष्क बागची, जसलीन, जावेद मोहसीन, विक्रम मॉन्टरूस, बी प्राक और जानी ने फिल्म शेरशाह के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन का अवॉर्ड अपने नाम किया। बता दें कि आईफा अवॉर्ड एक खास शो है, जिसमें साल की बेस्ट फिल्म, अभिनेता, अभिनेत्री, गायक, गायिका, म्यूजिशियन, डायरेक्टर आदि को फैंस के ग्लोबल वोट्स के आधार पर अवॉर्ड्स दिए जाते हैं।