भारत में डराने लगा कोरोना, 24 घंटे में मिले 4270 नए मरीज़, 15 लोगों की मौत

भारत में डराने लगा कोरोना, 24 घंटे में मिले 4270 नए मरीज़, 15 लोगों की मौत नई दिल्ली। भारत में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने खतरे की घंटी बजा दी है। बीते 24 घंटे के दौरान देश भर से कोरोना के 4270 नए मरीज़ सामने आए हैं। जबकि इस दौरान वायरस की चपेट में आ कर 15 लोगों की मौत हो गई। एक दिन पहले देश में कोविड के 3962 मरीज मिले थे। यानी इन आंकड़ों में 300 से ज्यादा का इज़ाफा हुआ है। ये पिछले तीन दिनों में दूसरी बार है जब कोरोना के केस में एक दिन में 4 हजार से ज्यादा का इजाफा हुआ है। देश में अब एक्टिव मरीज़ों की संख्या 24 हज़ार के पार पहुंच गई है। छत्तीसगढ़ में शनिवार को 5 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज की पहचान की गई। वहीं 12 मरीज ठीक हुुए। वर्तमान में कुल सक्रिय मरीज 64 है। महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,357 नए मामले सामने आए और महामारी से एक व्यक्ति की मौत हो गई। एक दिन पहले राज्य में संक्रमण के 1,134 मामले सामने आए थे और तीन मरीजों की मौत हो गई थी। महाराष्ट्र में लगातार तीसरे दिन संक्रमण के एक हजार से अधिक मामले सामने आए हैं।

मुंबई में मरीजों की संख्या बढ़ी

शनिवार को सामने आए 1,357 मामलों में से 889 मामले अकेले मुंबई से सामने आए।  महामारी से एक मरीज की मौत भी मुंबई में हुई। संक्रमित होने के बाद लोगों के स्वस्थ्य होने की दर 98.05 प्रतिशत है जबकि महामारी से होने वाली मौत की दर 1.87 प्रतिशत है।  राज्य में अभी कोविड-19 के 5,888 मरीजों का इलाज चल रहा है। अब तक संक्रमण के 78,91,703 मामले सामने आ चुके हैं और महामारी से 1,47,865 मरीजों की मौत हो चुकी है। केरल में ज्यादा केस मिले केरल में शनिवार को कोविड-19 के 1,544 नये मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 65,63,910 हो गई है। राज्य में संक्रमण से 48 और मरीजों की मौत हो गई। केरल में पिछले कुछ दिनों से हर दिन कोविड-19 के नए मामलों की संख्या एक हजार से अधिक रही है। राज्य में कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 7,972 हो गई है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 405 नए मामले सामने आये और संक्रमण दर 2.07 फीसद रही। संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई। कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 19,08,387 हो गए। शनिवार को कोविड-19 के कुल 19,562 टेस्ट किए गये थे। यहां शुक्रवार को कोविड-19 के 345 मामले सामने आये और संक्रमण दर 1.88 फीसदी थी।