गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जंगी प्रदर्शन, बोले-आदिवासियों का हो रहा शोषण, अफसर समस्या नहीं सुनते

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जंगी प्रदर्शन, बोले-आदिवासियों का हो रहा शोषण, अफसर समस्या नहीं सुनते पेन्ड्रा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लगभग 400 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जंगी प्रदर्शन किया। गोंडवाना के कार्यकर्ताओं ने अपने पारंपरिक हथियारों से लैस होकर चेतावनी दी। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की नेता ऋतु पेंद्रम और प्रवक्ता जयराम केराम ने जिला प्रशासन पर गैर जिम्मेदार होने का आरोप लगाया हौ। इनका कहना है कि जिला प्रशासन के पास आदिवासियों, गरीब और किसानों की शिकायतों पर कार्रवाई सही समय पर नहीं हो रही है। इनकी शिकायत है कि वन अधिकार पट्टा, गरीब आदिवासियों की जमीनों पर दलालों के द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है। अवैध कब्जा, शासन से मिलने वाली तमाम सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। इसके साथ ही गरीब आदिवासियों के साथ शोषण की सुनवाई नहीं हो पा रही है, जिसको लेकर पूर्व में भी आंदोलन हुआ। इस दौरान प्रशासन ने हमें आश्वासन दिया। लेकिन किसी भी प्रकार की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा की गई बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। पुलिस बल द्वारा इनको रोकने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था, लेकिन कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़ गए। तभी पुलिस के द्वारा आंसू गैस का इस्तेमाल किया। बल का इस्तेमाल कर इन्हें रोका गया। पेण्ड्रा रोड अनुविभागीय अधिकारी पुष्पेंद्र शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा के द्वारा गोंडवाना के नेताओं से बात चीत कर किसी तरीके से हिंसक आंदोलन को शांत कराया गया। गोंडवाना के नेता गौरेला पेण्ड्रा मरवाही कलेक्टर से मिलकर अपनी बात रखी।