पूर्व कप्तान मिताली राज ने लिया सन्यास, 23 साल का सफर हुआ खत्म स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज (Mithali Raj) ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। मिताली राज पिछले 23 साल से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रही थीं, अब बुधवार को 39 साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अलविदा कह दिया। मिताली राज ने दो दशक से लंबे चले अपने क्रिकेट करियर में पूरी तरह राज़ किया। वह भारत में महिला क्रिकेट की पहचान हैं, वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला हैं। बतौर कप्तान भी सबसे ज्यादा जीत उनके नाम ही हैं। लेकिन उनका वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा ही रह गया। इमोशनल हुईं मिताली राज 39 साल की मिताली राज ने 8 जून को ट्विटर पर एक लंबा संदेश जारी कर संन्यास का ऐलान किया। मिताली ने अपने मैसेज में लिखा कि मैं एक छोटी बच्ची थी जब मैंने ब्लू जर्सी पहनकर अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था.। ये सफर काफी लंबा रहा जिसमें हर तरह के पल देखने को मिले, पिछले 23 साल मेरे जीवन के सबसे बेहतरीन पलों में से एक थे। हर सफर की तरह ये सफर भी खत्म हो रहा है और आज मैं इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान करती हूं। मिताली राज ने अपने मैसेज में लिखा कि मैंने जब भी फील्ड पर कदम रखा, हमेशा अपना बेहतर करने की कोशिश की और टीम को जीत दिलाने पर फोकस किया। मुझे लगता है कि अपने करियर को अलविदा कहने का यही सही वक्त है, जहां पर भारत का भविष्य युवा प्लेयर्स के हाथ में है। मैं बीसीसीआई, सचिव जय शाह और बाकी सभी अधिकारियों का शुक्रिया अदा करती हूं। मिताली राज ने आगे कहा कि कई साल तक टीम की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व की बात रही, इस वक्त ने मुझे एक इंसान के तौर पर बेहतर बनाया, साथ ही महिला क्रिकेट को भी आगे बढ़ाया.। ये सफर भले ही यहां पर खत्म हो रहा है लेकिन मैं किसी ना किसी रूप में क्रिकेट के साथ जुड़ी रहूंगी।