बाइक सवार तीन पंचों की दर्दनाक मौत, दुर्घटनाग्रस्त कार देखते समय डंपर ने कुचला, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
बाइक सवार तीन पंचों की दर्दनाक मौत, दुर्घटनाग्रस्त कार देखते समय डंपर ने कुचला, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
रायपुर। एक भीषण सड़क हादसे में 3 पंचों की मौत हो गई। हादसा मुंगेली के सरगांव में रायपुर-बिलासपुर रोड पर हुई है। बताया जा रहा है एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हुई है।
डंपर चालक की नजर हटी, दुर्घटना घटी
जानकारी के अऩुसार, नेशनल हाईवे में एक ढाबे से तीन लोग एक ही बाइक से लौट रहे थे। वापस लौटने के दौरान अचानक उनकी नजर बाबा बरमदेव ढाबा के सामने एक दुर्घटनाग्रस्त कार पर पड़ी। आस-पास डिवाइडर नहीं होने की वजह से तीनों रॉग साइड से बाइक पर कार को देखने के लिए आ रहे थे।
वहीं सामने से एक डंपर भी तेज रफ्तार में उसी रोड पर आ रही थी। लेकिन, डंपर का ड्राइवर भी तेज रफ्तार में उसी दुर्घटनाग्रस्त कार को देखने में मशगूल था। इसी दौरान ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना में दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल जाने के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान राजेश वर्मा, मनोज साहू और खेदा वर्मा के रूप में हुई है।
राजेश वर्मा पूर्व सरपंच और वर्तमान में पंच
राजेश वर्मा पूर्व में सरपंच रह चुका है और मौजूदा वक्त में पंच है। जिस बरमदेव ढाबा के सामने कार एक्सीडेंट हुई, उस ढाबा का वहीं संचालक भी था। वहीं मनोज साहू और खेदा वर्मा भी पंच हैं। सरगांव पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया है, वहीं ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।