सुपेबेड़ा किडनी पीड़ित गांव, फिर एक ग्रामीण की मौत, अस्पताल में चल रहा था इलाज गरियाबंद। छत्तीसगढ़ का सुपेबेड़ा गांव। यह गांव पूरे प्रदेश में किडनी रोगियों के लिये जाना जाता है। इस गांव में फिर एक शख्स की मौत हो गई। बताया जा रहा है 5 साल से किडनी की बीमारी से जूझ रहे तुकाराम क्षेत्रपाल ने बीती रात अंतिम सांस ली। तुकाराम शिक्षक था। जानकारी के मुताबिक, तुकाराम को 15 दिन पहले एम्स, रायपुर में भर्ती कराया गया था, इस शिक्षक के परिवार में माता-पिता समेत अन्य 10 सदस्यों की किडनी रोग से पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं परिवार का एक और सदस्य जिंदगी व मौत से जूझ रहा है। बीते 7 जून को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव जब सुपेबेड़ा पहुंचे थे, तो परिवार के अन्य सदस्यों ने हालात से अवगत कराते हुए आर्थिक मदद की मांग की थी। अब न जाने इस गांव से कितनी अर्थी और निकलेगी। यह सोच कर ग्रामीण कांप जाते हैं। वे भगवान से कामना करते हैं कि, इस किडनी बीमारी की प्रकोप से जल्दी निकाले।