आईपीएल प्रसारण अधिकार की नीलामी, टीवी और डिजिटल राइट दो कंपनियों ने खरीदी, जानें कीमत

आईपीएल प्रसारण अधिकार की नीलामी, टीवी और डिजिटल राइट दो कंपनियों ने खरीदी, जानें कीमत स्पोर्टस डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्रसारण का अधिकार (टीवी और डिजिटल मीडिया राइट्स) 2 अलग-अलग प्रसारकों ने 44,075 करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीदी है। इन 2 दिग्गज मीडिया कंपनियों के पास अब 2023 से 2027 तक 5 साल के चक्र के लिए कुल 410 मैचों के प्रसारण का अधिकार है। बीसीसीआई को हर मैच के लिए 107.5 करोड़ का भुगतान किया जाएगा, जो भारतीय खेलों को लेकर अभूतपूर्व है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पैकेज ए और पैकेज बी की ऑक्शन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि पैकेज सी के लिए ई-ऑक्शन जारी है। वहीं, पैकेज डी के लिए बोली कल यानी मंगलवार 14 जून को लगेगी। हालांकि, पैकेज ए (टीवी) और पैकेज बी (डिजिटल) का ऐलान हो चुका है और कल ये भी आधिकारिक पुष्टि हो जाएगी कि राइट्स किस कंपनी को मिले हैं।  टीवी और डिजिटल के राइट्स दो अलग-अलग ब्रॉडकास्टिंग कंपनियों ने खरीदे हैं। इससे एक बात स्पष्ट हो गई है कि एक ही नेटवर्क पर हमकों टीवी और डिजिटल प्रारूप में मैच देखने को नहीं मिलेंगे। भारतीय उपमहाद्वीप में टीवी राइट्स के लिए एक बड़ी कंपनी ने 23,575 करोड़ रुपये की बोली लगाकर बिड जीती है, जबकि डिजिटल राइट्स के लिए एक दूसरी बड़ी कंपनी ने 20,500 करोड़ रुपये की बोली लगाई।  इस तरह बीसीसीआई को टीवी और डिजिटल राइट्स से 44,075 करोड़ रुपये 410 आईपीएल मैचों के लिए मिलने वाले हैं। सिर्फ टीवी के एक मैच के राइट्स की बात करें तो ये 57.5 करोड़ है, जबकि डिजिटल के लिए एक आईपीएल मैच के मीडिया राइट्स की कीमत 50 करोड़ रुपये है। इस तरह सिर्फ भारत के टीवी और डिजिटल मीडिया राइट्स से बीसीसीआई को 107.5 करोड़ रुपये मिलेंगे, जो दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी स्पोर्ट्स लीग होगी।   सूत्रों की मानें तो स्टार को टीवी राइट्स मिले हैं, जबकि डिजिटल राइट्स के लिए जियो ने सबसे बड़ी बोली लगाई है। हालांकि, अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई और आईपीएल की तरफ से इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है कि इन्हीं कंपनियों को ये मीडिया राइट्स मिले हैं। इसका ऐलान मंगलवार को पैकेज सी और पैकेज डी के राइट्स के बिकने के बाद होगा। पैकेज सी में एक मैच के लिए बोली 17 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।   चार पैकेज के लिए बोलियां मीडिया राइट्स ऑक्शन में कुल चार पैकेज ए, बी, सी और डी के लिए बोलियां लग रही हैं। पैकेज-ए में केवल भारतीय उपमहाद्वीप के लिए टीवी राइट्स शामिल हैं। वहीं पैकेज-बी के जरिए केवल भारतीय उपमहाद्वीप में प्रसारण के लिए डिजिटल राइट्स दिए जाने हैं। पैकेज-सी में सीमित मुकाबलों जैसे प्लेऑफ के लिए डिजिटल राइट्स दिए जाएंगे जो केवल भारतीय उपमहाद्वीप में प्रसारण के लिए होंगे। वहीं पैकेड-डी में दुनिया के बाकी हिस्सों में प्रसारण के लिए टीवी और डिजिटल के लिए राइट्स प्रदान किए जा रहे हैं। इन चारों पैकेज का कुल बेस प्राइस 32 हजार करोड़ रुपये से अधिक है।