Ind vs SA 3rd T20 : भारत का आज निर्णायक मुकाबला, टीम में हो सकता है अहम बदलाव स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मंगलवार को तीसरा और निर्णायक मैच खेला जाएगा। पांच मैचों की टी-20 सीरीज में विरोधी टीम 2-0 से आगे हैं। सीरीज में बने रहने के लिए इंडिया को जीत जरूरी है। आज का यह मैच विशाखापट्टनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टॉस शाम साढ़े 6 बजे होगा। पहली गेंद शाम 7 बजे फेंकी जाएगी। सीरीज के पहले दोनों मैच गंवाने के बाद अब ‘करो या मरो’ की स्थिति में पहुंची भारतीय टीम जब तीसरे टी-20 में मैदान पर उतरेगी तो खराब फॉर्म में चल रहे स्पिनरों, सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और रन बनाने के लिए जूझ रहे कप्तान ऋषभ पंत पर काफी दबाव होगा। भारतीय टीम के लिए पिछले दोनों मैचों में स्पिनरों ने निराश किया है। गेंदबाजों में अहम बदलाव हो सकता है। भारत लगातार 12 मैच जीतकर इस सीरीज में उतरा था, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की मजबूत टीम के सामने पहले दो मैचों में उसकी एक नहीं चली। पंत की अगुआई वाली टीम कई विभागों में संघर्ष कर रही है और उसे एक दिन के अंदर इन कमजोरियों को दूर करना था। यदि पहले मैच में भारत खराब गेंदबाजी के कारण हारा तो दूसरे मैच में बल्लेबाजों ने निराश किया। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक कुल 17 टी-20 मैच खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया ने नौ मैच और दक्षिण अफ्रीकी टीम ने आठ मैच जीते हैं। भारतीय मैदान पर दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड और भी बेहतरीन है। यहां दोनों टीमों के बीच छह मुकाबले हुए हैं और दक्षिण अफ्रीकी टीम ने पांच मैच अपने नाम किए हैं। टीम इंडिया को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है। भारतीय सलामी बल्लेबाज अभी तक पावरप्ले में टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे हैं। ईशान किशन ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन ऋतुराज दो मैचों में केवल 23 और एक रन बना पाए हैं। तेज गेंदबाजों के सामने उनकी तकनीक पर सवाल भी उठने लगे हैं। श्रेयस अय्यर ने अच्छी शुरुआत की है, लेकिन वह अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाए हैं जिससे आगे के बल्लेबाजों पर दबाव बन रहा है। हार्दिक पंड्या ने पहले मैच में कुछ आक्रामक शॉट लगाए थे, लेकिन कटक के विकेट पर वह भी नहीं चल पाए थे। वह दोनों मैचों में गेंदबाजी में भी नाकाम रहे हैं। ऋषभ पंत की कप्तानी पर सवाल केएल राहुल के चोटिल होने के कारण कप्तानी का जिम्मा संभालने वाले पंत अब तक दो मैचों में 29 और पांच रन बना पाए हैं। उन्होंने 45 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 23.9 की औसत और 126.6 के स्ट्राइक रेट से केवल तीन अर्धशतक बनाए हैं। उन्होंने इस प्रारूप में अब तक अपनी प्रतिभा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया है। कप्तान के रूप में पंत के फैसलों पर भी सवाल उठ रहे हैं। दूसरे मैच में अक्षर पटेल को दिनेश कार्तिक से पहले भेजने का निर्णय गलत साबित हुआ था। उनसे एक कप्तान और एक खिलाड़ी के रूप में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और अक्षर की स्पिन जोड़ी ने अब तक निराश किया है। भारतीय टीम ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल/रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, आवेश खान/अर्शदीप सिंह/उमरान मलिक। दक्षिण अफ्रीका की टीम तेम्बा बावुमा (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), केशव महाराज, डेविड मिलर, एनरिक नॉर्त्जे, वेन पार्नेल, ड्वेन प्रिटोरियस, कगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी, रसी वान डर डुसेन।