बोरवेल से निकले राहुल साहू का मेडिकल बुलेटिन, डॉक्टर ने जांच कर बताया स्वास्थ्य

बोरवेल से निकले राहुल साहू का मेडिकल बुलेटिन, डॉक्टर ने जांच कर बताया स्वास्थ्य जांजगीर चांपा। आखिरकार ‘105 घंटे की जद्दोजहद के बाद ऑपरेशन राहुल’ पूरा हुआ। टीम ने आधी रात राहुल को बोरवेल से बाहर निकालने में जिला प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। इस भीषण गर्मी में राहुल साहू ने जिन इरादों का परिचय दिया वे इतिहास के लिए अनोखी कहानी बन जाएगी। बोरवेल से बाहर निकालने के बाद राहुल को तुरंत बिलासपुर के अपोलो अस्पताल पहुंचाया। इससे पहले एम्बुलेंस के डाक्टर ने राहुल के स्वास्थ्य का परिक्षण किया। डॉक्टर ने बताया कि प्राथमिक जांच में बीपी, शुगर, हार्ट रेट नॉर्मल है और फेफड़े भी क्लियर हैं। राहुल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने के लिए प्रशासन ने ग्रीन कॉरीडोर बनाया था। इस का इस्तेमाल कर राहुल को तुरंत बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दें कि राहुल की एंट्री अपोलो के आपातकालीन गेट से हुई। राहुल को फिलहाल आईसीयू में स्वास्थ्य लाभ के लिए रखा गया है। अपोलो अस्पताल में राहुल के बेहतर इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों को तैनात किया गया है। सीएमएचओ डॉ प्रमोद महाजन ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि राहुल के लिए प्रमुख रूप से शिशुरोग विशेषज्ञ, स्कीन स्पेशलिस्ट, लंग्स स्पेशलिस्ट व अन्य डॉक्टरों की तैनाती होगी। मेडिकल बुलेटिन के अनुसार राहुल के पैर में सूजन है, वहीं हल्की चोट भी आई है। जो जल्द ही ठीक हो जाएगा। मूक-बधिर है राहुल ये भी बताया गया है कि बच्चा मूक-बधिर है, मानसिक रूप से काफी कमजोर है। जिसके कारण वह स्कूल भी नहीं जाता था। घर पर ही रहता था। पूरे गांव के लोग भी 5 दिन से उसी जगह पर टिके हुए हैं, जहां पर बच्चा गिरा है। राहुल अपने मां-बाप का बड़ा बेटा है। उसका छोटा भाई 2 साल छोटा है। पिता की गांव में बर्तन की दुकान है। सांप और मेढक बने साथी इसके अलावा प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने ट्वीट करते हुए कहा ‘उसके साथ गढ्ढे में 104 घंटे तक एक सांप और मेढक उसके साथी थे” आज पूरा छत्तीसगढ़ उत्सव मना रहा है, जल्द अस्पताल से पूरी तरह ठीक होकर लौटे, हम सब कामना करते हैं। राहुल को बोरवेल के गड्ढे से बाहर निकाल कर बिलासपुर स्थित अपोलो हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है। जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी प्रमोद महाजन भी अपोलो हॉस्पिटल पहुंचे है।