उल्टी दस्त से 8 लोग बीमार, एक की मौत, 3 गंभीर बालोद। जिले में दो परिवार के 8 लोग उल्टी दस्त के कारण अचानक बीमार हो गए, जिसमें एक की मौत हो गई है। वहीं 3 लोग गंभीर हैं। जिनको राजनांदगांव रिफर किया गया है। बता दें कि गुंडरदेही विकासखंड स्थित ग्राम सुरेगांव में उल्टी-दस्त के कारण 2 परिवार के 8 लोग बीमार हो गए हैं। जिसमें से 45 वर्षीय प्रमिला की मौत हो गई है। अन्य 7 लोगों का इलाज जारी है।वहीं 7 में से 3 लोगों की स्थिति गंभीर है, जिनको बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर राजनांदगांव रिफर किया गया है। वहीं अन्य 3 लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुरेगांव और 1 पीड़ित का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अर्जुंदा में इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय प्रमिला की मौत डायरिया के चलते होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं बिहउ लाल, बासीन बाई, सिलोचना बाई, कमलेश कुमार, दामिनी, सूर्यकांत और प्रतीक कुमार का इलाज जारी है। सभी बीमार एक ही कुंए का पानी पीते थे, जिससे उनकी तबियत खराब हुई है। कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। मामले की जांच की जा रही है।