मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अस्पताल में राहुल साहू से मिले, परिवार से किया ये वादा, मां रो पड़ी बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को बोरवेल से निकाले गए राहुल साहू से मिलने अपोलो अस्पताल पहुंचे। यहां सीएम ने राहुल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उसे अच्छे से अच्छा इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं बघेल ने राहुल के परिजनों से भी मुलाकात की। इसके अलावा डाक्टरों को राहुल के इलाज में किसी भी प्रकार के कमी नहीं होने देने का निर्देश भी दिया। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल के पढाई लिखाई का खर्चा भी सरकार उठाएगी। बता दें कि बीते 10 जून को दोपहर करीब 2 बजे अचानक मालखरौदा ब्लॉक के पिहरीद गांव में 11 साल का बालक राहुल साहू अपने घर के पास खुले हुए बोरवेल में गिर गया था। राहुल 60 फुट गहरे बोरवेल से निकाले जाने के बाद उसे बिना देरी किए तत्काल बिलासुपर के लिए रवाना कर दिया गया था। अपोलो हॉस्पिटल में राहुल को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। 100 किमी लंबा कॉरिडोर बनाया गया राहुल को अस्पताल ले जाने के लिए लगभग 100 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था। एनडीआरएफ, सेना, स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों सहित 500 से अधिक कर्मी शुक्रवार शाम से चल रहे छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन शामिल थे। कल रात करीब 12 बजे राहुल को जांजगीर से अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर लाया गया है। जिसके बाद आज सुबह से ही राहुल से मिलने लोग पहुंच रहे हैं। सांसद, विधायक, संभागायुक्त और आईजी भी सुबह मिलने पहुंचे थे।