प्री-इंजीनियरिंग और प्री-फार्मेसी टेस्ट की रिजल्ट घोषित, पलक और कुलदीप पहले स्थान पर

प्री-इंजीनियरिंग और प्री-फार्मेसी टेस्ट की रिजल्ट घोषित, पलक और कुलदीप पहले स्थान पर रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) ने बुधवार को प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट (पीईटी) और प्री-फार्मेसी टेस्ट (पीपीएचटी) की रिजल्ट घोषित कर दिए हैं। पीईटी में बिलासपुर की पलक अग्रवाल 126 अंक के साथ पहले स्थान पर रहीं। वहीं पीपीएचटी में सुंदर नगर, रायपुर के कुलदीप साहू ने 125 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। व्यापमं से मिली जानकारी के अनुसार पीईटी में दूसरी रैंक रायपुर के आकाश झा, तीसरी रैंक धमतरी के नीरज बांधे, चौथी रैंक दुर्ग के क्षितिज गजभिए, पांचवीं रैंक बिलासपुर के सानिध्य सिंह ने हासिल की है। वहीं पीपीएचटी में दूसरी रैंक सूरजपुर के मुकेश साहू, तीसरी रैंक रायपुर के भूपेंद्र जायसवाल, चौथी रैंक बिलासपुर के सुमित गुप्ता और पांचवीं रैंक सूरजपुर के शाहिल अहमद को मिली है।

जेईई क्वालिफाई करना लक्ष्य- पलक

टाप-10 सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पलक अग्रवाल कहना है कि बड़ा लक्ष्य रखने का मुझे फायदा मिला है। टाप-10 सूची में प्रथम स्थान अर्जित करने वाली पलक दयालबंद स्थित एचएसएम ग्लोबल पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। तोरवा पावर हाउस हेमू नगर निवासी शिवकुमार अग्रवाल की पुत्री पलक ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि पीईटी में उनके नंबर अच्छे आएंगे। भौतिकी में 48, रसायन शास्त्र में 40 व गणित में 38.54 अंक के साथ ओवरआल 126.542 अंक प्राप्त हुए हैं। पलक ने कहा कि उनका लक्ष्य पीईटी नहीं है, बल्कि जेईई क्वालिफाई करना है। उसकी परीक्षा 28 जून को होनी है।   बता दें इंजीनियरिंग की 11291 सीटों पर प्रवेश के लिए 12,490 छात्रों ने पीईटी की परीक्षा दी थी। वहीं बी फार्मेसी की 3192 सीटों में दाखिले के लिए 22,354 छात्रों ने परीक्षा दी थी। तकनीकी शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रैंक के आधार पर छात्रों को कालेजों का आवंटन किया जाएगा। इसके लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया से गुजरना होगा।  

कालेजों में दाखिले के लिए आनलाइन आवेदन 

राजधानी के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में 16 जून से आनलाइन दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि दाखिले की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से 16 जून से 16 अगस्त तक चलेगी। कुलपति के अनुमति के बाद प्रवेश 26 अगस्त तक बढ़ाई जा सकेगी। दाखिला मेरिट के आधार पर होगा। प्रवेश के इच्छुक छात्रों के लिए आनलाइन पोर्टल सुबह से खुल जाएगा। आनलाइन फार्म भरने से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए विश्वविद्यालय में हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। वहीं, कालेजों में भी मदद ली जा सकती है।