बलौदाबाजार : सरकारी राशन दुकान खोलने इस तिथि तक कर सकते हैं आवेदन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका के रिक्त पदों पर भी भर्ती, OBC सर्वेक्षण के बारे में जानिए

बलौदाबाजार। एकीकृत बाल विकास परियोजना सिमगा के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के 4 रिक्त पदों के लिए 20 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित किये गए हैं। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 1 और सहायिका के तीन पद शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रिक्त पदों में भालेसुर क्रमांक 1 में कार्यकर्ता और कुलीपोटा, मुसवाडीह और रोहरा क्रमांक 1 में सहायिका के तीन पद शामिल हैं। ये पद केवल महिलाओं के लिए है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए आवेदिका की उम्र 18 से 44 वर्ष के बीच होने चाहिए। इच्छुक आवेदक अपना आवेदन बंद लिफाफे अथवा पंजीकृत डाक से  20 सितंबर तक सिमगा सीडीपीओ कार्यालय में जमा करा सकते हैं।

सरकारी राशन दुकान खोलने आवेदन आमंत्रित

बलौदाबाजार विकासखण्ड के पांच ग्रामों - भरसेला, डोटोपार, शुक्लाभांठा, सुढ़ेली एवं अचानकपुर में राशन दुकान संचालित करने के लिए 6 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। इच्छुक आवेदक अनुविभागीय राजस्व अधिकारी कार्यालय बलौदाबाजार में उक्त तिथि तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा करा सकते हैं। एसडीएम महेश राजपूत ने बताया कि नियमानुसार राशन दुकान का आवंटन संबंधित ग्राम पंचायत, महिला स्वसहायता समूह अथवा सहकारी समितियों को किया जाना है। महिला एवं सहकारी समितियों का पंजीयन आवेदन तिथि से तीन माह पहले का होना चाहिए। आवेदन पत्र का प्रारूप एसडीएम कार्यालय में 31 अगस्त से कार्यालयीन समय पर प्राप्त कर सकते हैं। यह भी पढ़े- कांग्रेस के महासचिव अजय माकन पहुंचे छत्तीसगढ़, सीएम भूपेश-सिंहदेव के बीच सियासत पर कही बड़ी बात, जानिए क्या कहा…

 बलौदाबाजार जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों का सर्वेक्षण शुरू

सीजीक्यूडीसी मोबाइल एप के जरिए स्वयं दर्ज करा सकते हैं जानकारी  राज्य शासन के निर्देश पर प्रदेश की जनसंख्या में अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सर्वेक्षण का कार्य आज से शुरू हो गया। सर्वेक्षण का कार्य 1 सितंबर से 12 अक्टूबर तक किया जाएगा।जिलों में अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के सर्वेक्षण के लिए पंजीयन शुरू हो गया है। जिला सांख्यिकी अधिकारी सुमीत कुमार मेरावी ने बताया कि छत्तीसगढ़ क्वांटीबायबल डाटा आयोग के मोबाइल एप में व्यक्ति खुद अपनी जानकारी डाल कर पंजीयन करा सकता है। यह सीजीक्यूडीसी मोबाइल एप चिप्स द्वारा तैयार किया गया है। एप को प्ले-स्टोर में जाकर डाउनलोड कर निर्धारित प्रारूप में चाही गई जानकारी को अपलोड किया जा सकता है। गौरतलब है कि सर्वे हेतु पंजीयन के लिए लॉगिन करने के कुछ विकल्प दिए गए है, जिसमें आधार कार्ड, राशन कार्ड और मुखिया का मोबाइल नम्बर का उपयोग किया जा सकता है। इनमें से कोई भी प्रमाण पत्र नहीं होने की स्थिति में अपने मोबाइल नम्बर से भी व्यक्ति सर्वे के लिए पंजीयन करा सकता है। इसके अलावा चॉइस सेंटर में वेबपोर्टल डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट सीजीक्यूडीसी डॉट इन www.cgqdc.in के जरिए भी गणना के लिए जानकारी दर्ज करायी जा सकती है। यह भी पढ़े- डी पुरंदेश्वरी के विवादित टिप्पणी, कहा- भाजपा के कार्यकर्ता पीछे मुड़कर थूकेंगे तो बह जाएगा कांग्रेस का मंत्रिमंडल, सीएम भूपेश का पलटवार, बोले- आसमान पर थूकोगे तो… निर्धारित प्रारूप में दर्ज जानकारी संबंधित ग्राम पंचायत, नगर पंचायत और नगरीय निकाय के लिए नियुक्त सुपरवाइजर्स के पास स्वयं ही फारवर्ड हो जाएगी। उसके बाद सुपरवाइजर आवेदक के द्वारा उपलब्ध करायी गई जानकारी का भौतिक सत्यापन करेगा। फिर डाटा सर्वर में सुरक्षित कर लिया जाएगा और इसी आधार पर अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सूची तैयारी की जाएगी। आवेदन लेने के पूरी प्रक्रिया 1 सितबंर से 12 अक्टूबर तक चलेगी। ऑनलाईन पंजीकरण एवं डाटा संग्रहण तथा सत्यापन का कार्य 1 सितंबर से 12 अक्टूबर, डाटा संग्रहण के बाद ग्राम पंचायतवार, वार्डवार सूची का प्रारंभिक प्रकाशन सभी ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत,तहसील और जोन कार्यालय में 30 अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रारंभिक प्रकाशन पर दावा एवं आपत्ति 16 नवम्बर तक प्राप्त की जाएगी। प्राप्त दावा आपत्ति का निराकरण 30 नवम्बर और ग्राम पंचायत क्षेत्र में ग्रामसभा, नगरीय निकाय क्षेत्र में पीआईसी और एमआईसी द्वारा 20 दिसंबर तक अनुमोदन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में जनपद स्तर एवं नगरीय क्षेत्र में निकाय स्तर पर डाटा संकलन का कार्य 31 दिसंबर तक किया जाएगा। जनपद और निकाय स्तर के जिला स्तर पर डाटा 14 जनवरी 2022 तक प्रेषित किया जाएगा। राज्य स्तर से नोडल अधिकारियों द्वारा डाटा आयोग को 29 जनवरी 2022 तक सौंपा जाएगा।

बलौदाबाजार एवं पलारी जनपद में हुई प्रशिक्षण

सर्वेक्षण को लेकर बलौदाबाजार एवं पलारी जनपद में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनर के रूप में उपस्थित सुमीत मेरावी ने सर्वेक्षण के दौरान किन छोटी छोटी बातों को विशेष रूप से ध्यान रखना है एवं कुछ होने वाले समस्याओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। उन्होंने कहा कि ध्यान रहें किसी भी स्थिति में कोई भी व्यक्ति सर्वेक्षण में नहीं छूटना चाहिए। सभी को पोर्टल के बारे में प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। इस दौरान  बलौदाबाजार जनपद के अंर्तगत कुल 104 ग्राम पंचायतों के 27 पर्यवेक्षक एवं 2 नोडल अधिकारी शामिल हुए। इसी तरह पलारी जनपद के अंर्तगत कुल 103 ग्राम पंचायतों के 19 पर्यवेक्षक प्रशिक्षण में शामिल थे। इस सर्वेक्षण में मुख्य रूप से पंचायत, कृषि,आरईएस विभागों के मैदानी अमला को लगाया गया हैं। इस दौरान बलौदाबाजार जनपद पंचायत सीईओ अनिल कुमार,पलारी सीईओ सुरेश कंवर समेत सम्बंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। यह वीडियो देखें-