SDM कार्यालय में बाबू रिश्वत लेते कैमरे में कैद, कलेक्टर ने निलंबित कर दिया महासमुंद। बागबाहरा एसडीएम कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 रिश्वत लेते कैमरे में कैद हो गया। वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल होने लगा। इसके बाद कलेक्टर ने घूसखोर बाबू को निलंबित कर दिया। किसान से जमीन के डायवर्सन के मामले में 30 हजार रुपए रिश्वत लिया था। जानकारी के अनुसार, बागबाहरा एसडीएम कार्यालय में रीडर रोशन लाल सोनी ने अमलीडीह के किसान जगदीश प्रसाद निषाद से 95 डिसमिल खेती जमीन का डायवर्सन करने के लिये 80 हजार रुपए की मांग की थी। गरीब किसान ने खेत को तीन साल के लिये रेघ (लीज) पर रख कर 30 हजार रुपए लाकर रीडर को देते हुए पूरे घटनाक्रम को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वायरल वीडियो में रीडर और पैसों की मांग करते नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद से रोशन सोनी कार्यालय नहीं आ रहे है, वहीं उनका फोन भी बंद है। प्रशासन की किरकिरी होते देख बागबहरा एसडीएम उमेश कुमार साहू ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही थी। अब मामले में कलेक्टर ने निलंबन की कार्रवाई की है।