राहुल गांधी ईडी- तीन दिन तो क्या 30 दिन भी बुलाएंगे तो हम जाएंगे, हम कांग्रेसी है डरने वालों में से नहीं- मोहन मरकाम
रायपुर। वर्तमान केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा राजनैतिक विद्वेषवश सत्ता के ताकत का दुरुपयोग करते हुए केंद्रीय एजेंसियों जैसे-प्रवर्तन निदेशालय, सी.बी.आई. आयकर सहित विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं के विरूद्ध असंवैधानिक रूप से दबावपूर्वक कार्यवाही करते हुए डराने व दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका हम कांग्रेसजन कड़े शब्दों में विरोध करते है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में दर्जनों विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, शहर-जिला कांग्रेस निगम मंडल, युवक कांग्रेस, एन.एस.यू.आई समस्त मोर्चा प्रकोष्ठ, कांग्रेस कार्यकर्ताओं बड़ी संख्या उपस्थित थे। पिछले तीन दिनों से केन्द्र सरकार ने पार्टी पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं को कार्यालय में प्रवेश की अनुमति के बिना अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मुख्यालय को किले के रूप में बदल दिया है। पुलिस, नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ बेरहमी के साथ मारपीट कर रही है। सत्य की इस लड़ाई के लिए सत्याग्रह, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और एकजुटता को कुचलने के लिए केन्द्र सरकार क्रूरतापूर्वक बल का प्रयोग कर रही है, जिसका हम कड़ी निंदा करते है।
ज्ञापन के माध्यम से हम मांग करते है कि, देश में लोकतांत्रिक व प्रजातांत्रिक व्यवस्था को बनाये रखने हेतु इस प्रकार की दबावपूर्वक कार्यवाही पर रोक लगाये जाने तथा एआईसीसी मुख्यालय में घटित उक्त मामले को संज्ञान में लेकर प्रकरण पर हस्तक्षेप करते हुए केन्द्र सरकार को इस पर तत्काल रोक लगाये जाने हेतु समुचित निर्देश प्रदान करने का उल्लेख है।
राजभवन जाने से पूर्व अंबेडकर चौक में दो घंटे धरने में बैठे कांग्रेस नेताओ ने जमकर भाजपा के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली, फिर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति में माल्यार्पण कर रैली के साथ राजभवन पहुंचे। धरने का संचालन प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी मंत्री अमरजीत चावला ने किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कल का मंजर पूरा देश ने देखा। किस प्रकार दिल्ली की पुलिस ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यालय 24 अकबर रोड नई दिल्ली जो जिस पार्टी का आजादी दिलाने में, देश के नवनिर्माण में, देश के विकास में योगदान रहा है उस पार्टी के कार्यालय मोदी के इशारे में, अमित शाह के इशारे में दिल्ली पुलिस घुसती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करती है, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों को, सांसदों को सड़क में पटक, घसिट नेताओं को मारती है जिसमें हम सब मुख्यमंत्री के साथ मैं भी वहां उपस्थित था, हमारे वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे। मुझे लगता है कि अंग्रेजों ने पुलिस से भी इतनी बर्बरता भी नहीं की होगी।
दिल्ली पुलिस ये सब मोदी-शाह सरकार के इशारे पर की है। आजादी के बाद मुझे लगता है कि लोकतंत्र का इतिहास का काला दिन कल देखने को मिला। कल देखा कि महिलाओं को, यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पटक-पटक के मारा गया। आज देश की जनता देख रही है मोदी, अमित शाह के तानाशाही रवैये को। मोदी अपने बुलंदी से इतना नाज न कर, हमने तो आसमां से तारे टूटते देखे है। हमारे नेताओं तो अंग्रेजों से नहीं डरे तो भारतीय जनता पार्टी के नेताओं से डरने वाले नहीं है। हम लड़ेंगे और हम जीतेंगे।
भारतीय जनता पार्टी की मोदी की सरकार की नाकामियों को लगातार हमारे नेता राहुल गांधी, चाहे युवाओं को रोजगार देने की बात हो, चाहे किसान की बात हो, देश के 135 करोड़ जनता के बीच में रख रहे है। भारतीय जनता पार्टी को तकलीफ होती है तो तानाशाह मोदी को देश की जनता देख रही है। सबको एक होकर राहुल गांधी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनाना है। आज हम राजभवन कूच कर रहे है और कल पूरे ब्लॉकों में धरना प्रदर्शन करेंगे। इस लड़ाई को हम गांव-गांव तक ले जायेंगे और हम बतायेंगे मोदी हमारे नेता को परेशान कर रही है। जो संवैधानिक संस्था है।
हमारे देश के प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू 10 सालों तक जेल में रहे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी एक है डरने वाले नहीं है भारतीय जनता पार्टी के पीट्ठओं से। जो संवैधानिक संस्था को आगे करके कांग्रेस पार्टी को दबाने का प्रयास किया जा रहा है हम लोग डरने वाले नहीं है। हम सब डटकर मुकाबला करेंगे। 2023 और 2024 में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। मैं सभी कांग्रेस जनों से, नेताओं से अनुरोध करना चाहता हूं कि भारतीय जनता पार्टी की ईट से ईट बजाना है। लड़ेंगे और जीतेंगे।
मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को जानबूझकर सरकारी एजेंसियों के माध्यम से परेशान करने का काम किया जा रहा है। कल कांग्रेस मुख्यालय में नरेन्द्र मोदी की पुलिस ने लाठीचार्ज किया, हमारे कांग्रेस के बड़े नेताओं को मारा-पीटा और घसीट-घसीट कर बसों में डाला गया। इस तरह की राजनीति अंग्रेजों ने भी नहीं की। अंग्रेजों ने भी इस तरह का अन्याय, अत्याचार नहीं किया, उससे ज्यादा अन्याय आज नरेंद्र मोदी सरकार कर रही है। कांग्रेस पार्टी देश को आजाद कराने वाली पार्टी है।
ये देश के आजादी आंदोलन में आरएसएस भारतीय जनता पार्टी का कोई योगदान नहीं रहा है। आज ये देश को लूटने का काम कर रही है। जिस तरह से अंग्रेजों ने देश को लूट कर संपत्ति इंग्लैण्ड ले गये थे। आज नरेन्द्र मोदी कहते है न खाने दूंगा न खाउंगा। सरकारी संपत्तियों को कौड़ी के मोल और अंबानी, अडानी जैसो को सौप रहा। इस तरह की हिटलरवादी राजनीति करने वाले मोदी की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
सभा को पूर्व मंत्री एवं विधायक अमितेष शुक्ल, गिरीश देवांगन, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, प्रभारी महामंत्री संगठन अमरजीत चावला, विधायक कुंवर सिंह निषाद, विधायक शैलेश पांडेय, विधायक अनिता योगेन्द्र शर्मा, विधायक छन्नी साहू, राजेन्द्र तिवारी, सुबोध हरितवाल, नीरज पाण्डेय, ने संबोधित किया।