IND vs SA : बारिश में धुला निर्णायक टी-20 मैच, सीरीज में ईशान-हर्षल का शानदार प्रदर्शन स्पोर्ट्स डेस्क। पांच दिवसीय टी-20 सीरीज का अंतिम मैच रविवार को बारिश के कारण रद्द हो गया। इस तरह से सीरीज 2-2 से बराबर रही। यह दोनों टीमों के बीच भारत में तीसरी द्विपक्षीय सीरीज है। 2 सीरीज बराबर रही, जबकि एक में साउथ अफ्रीका को जीत मिली है। मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। बारिश के कारण खेल रोके जाने तक भारत ने 2 विकेट पर 28 रन बना लिए थे। सीरीज के पहले 2 मैच में साउथ अफ्रीका ने जीते थे। इसके बाद अगले दोनों मैच जीतकर ऋषभ पंत की अगुआई वाली टीम इंडिया ने शानदार वापसी की थी। इस सीरीज से पहले भारत में 2015-16 में खेली गई 2 मैचों की सीरीज को साउथ अफ्रीका ने 2-0 से जीता था। फिर 2019-20 में 2 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। अब 5 मैचों की सीरीज बराबर रही। सीरीज में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 मैच में 6 विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकोनॉमी 6 की रही थी। वे प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। सीरीज के लिए भारत के सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। ऐसे में युवाओं के पास अच्छा प्रदर्शन करने का मौका था। ईशान किशन ने इसका भरपूर फायदा उठाया। वे सीरीज में 200 रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज रहे। उन्होंने 206 रन बनाए। अन्य कोई बल्लेबाज 120 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। साउथ अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन 118 रन के साथ दूसरे नंबर पर रहे। गेंदबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों का जलवा रहा। तेज गेंदबाज हर्षल पटेल ने सबसे अधिक 7 विकेट झटके। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल दोनों ने 6-6 विकेट झटके। साउथ अफ्रीका की ओर से तेज गेंदबाज ड्वेन प्रिटोरियस ने सबसे अधिक 5 विकेट चटकाए।