अग्निपथ योजना : सीएम भूपेश बघेल का आरोप, बोले- केंद्र सरकार नौजवानों को चौकीदार बनाना चाहती है... नई दिल्ली। सेना की नई भर्ती अग्निपथ योजना के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। वहीं कांग्रेस दिल्ली के जंतर मंतर में सत्याग्रह कर रही है। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर आरोपों की बौछार लगा दी। सीएम बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार सभी नौजवानों को चौकीदार बनाना चाहती है। आज नौजवानों का भविष्य खतरे में है, देश की सीमाएं और हमारी सुरक्षा खतरे में है। वो कहते हैं कि आओ(अग्निवीर) और भरी जवानी में जब रिटायर हो जाओगे तो हमारे यहां चौकीदारी करना। ये सबको चौकीदार बनाना चाहते हैं। सीएम ने ईडी और केंद्र सरकार से ईडी दफ्तर में कैमरा लगाने और उसका लिंक सभी मीडिया हाउस को देने की मांग की है। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने मंत्री मीडिया के जरिए यह बता रहे हैं कि ईडी दफ्तर में राहुल गांधी से क्या पूछताछ की जा रही है। कैमरा लगा दें, जिससे मीडिया के जरिए लोगों को भी पता चले कि ईडी क्या पूछ रही है और राहुल क्या जवाब दे रहे हैं। सीएम बघेल ने कहा कि बीजेपी का एकमात्र उद्देश्य, उन आवाजों को बंद करना है, जो देश के दबे-कुचले शोषित-पीड़ित लोगों की आवाज बन गई है। वह आवाज कभी किसानों के लिए बुलंद होती है तो कभी नौजवानों के लिए, कभी दलितों के लिए, कभी आदिवासियों के लिए, हर वो समय जब भाजपा की केंद्र की सरकार गलत करती है तो एक आवाज उठती है, उस आवाज का नाम है राहुल गांधी। वो हमेशा आवाज उठाते हैं, चाहे वो भूमि अधिग्रहण कानून बिल हो या तीन तलाक, जीएसटी, तीन काले कृषि कानून को वापस लेने के समय भी राहुल गांधी ने कहा था और आज फिर से राहुल गांधी कह रहे हैं कि ये अग्निपथ, अग्निवीर की भर्ती कर रहे हैं, ठेका में ले रहे हैं, इसको वापस लेना होगा। राहुल गांधी बोले हैं और सच में हिंदुस्तान की सीमाओं के रक्षा करने वाले सैनिक आए हैं, उनके साथ अपमानजनक व्यवहार कर रहे हैं। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। बिहार जल रहा, उत्तरप्रदेश जल रहा है। उसकी लपटें हरियाणा से दक्षिण तक पहुंच रही है। आज पूरा नौजवान उद्वेलित है। उनका भविष्य खतरे में है। देश की सीमाएं खतरे में है। हमारी सुरक्षा खतरे में है। इस देश को हमारे पूर्वजों ने आजादी दिलाई। महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश को आजादी मिली। सरदार वल्लभ भाई पटेल के नेतृत्व में सारी रियासतों को एक किया गया। जिस गुजरात से महात्मा गांधी आते हैं। जिस गुजरात से सरदार पटेल आते है। वहीं उसी गुजरात से चार लोग निकले हैं, दो बेचने वाले और दो खरीदने वाले। इससे देश को बचाना है साथियों। केंद्र सरकार कहती है कि अग्निवीर योजना से जब रिटायर हो जाओगे तो हमारे यहां चौकीदारी कराना चाहते है। वे सभी को चौकीदार बनाना चाहते हैं।