विद्युत पोल में गिरी आकाशीय बिजली, एक ही परिवार के 5 लोग झुलसे, 2 गंभीर जगदलपुर। जिले में सोमवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के 2 बच्ची समेत 5 लोग झुलस गए। इनमें दो की हालत गंभीर है। सभी को डायल-112 की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया है। ये पूरा मामला लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि घर के सामने लगे विद्युत विभाग के पोल पर आकाशीय बिजली गिरी। इसी की चपेट में परिवार के लोग आ गए। जानकारी के अनुसार, छिंदगांव तराई डेंगपारा निवासी केशव कश्यप (25) पुत्र पिता नडग़ु कश्यप, लोकनाथ कश्यप (22) पुत्र भंगचंद कश्यप, उषावती कश्यप (16) पुत्री भंगचंद कश्यप, प्रतिमा कश्यप (5 ) पुत्री भंगचंद कश्यप घर में ही थे। उनके घर के सामने ही बिजली का पोल लगा हुआ है। जिले में सुबह से ही बारिश हो रही थी। बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढे 10 बजे जोर से आकाशीय बिजली कड़की और पोल पर जा गिरी। इसके चलते इतनी जोर का झटका लगा कि घर के अंदर मौजूद सभी लोग बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।