एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार होंगी द्रौपदी मुर्मू, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की घोषणा

एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार होंगी द्रौपदी मुर्मू, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की घोषणा नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी मुख्यालय में मंगलवार को हुई भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया। राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू के नाम की घोषणा करते हुए भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने कहा कि पहली बार किसी महिला आदिवासी प्रत्याशी को वरीयता दी गई है। उन्होंने कहा, हम आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू को एनडीए के उम्मीदवार के रूप में घोषित करते हैं। निर्वाचित होने पर, 64 वर्षीय द्रौपदी मुर्मू भारत की राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी महिला होंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि देश को पहली बार आदिवासी समुदाय से एक राष्ट्रपति देने की तैयारी है।  इस बार पूर्वी भारत से किसी को मौके देने पर सभी के बीच में सहमति बनी थी। हमने इस बात पर भी विचार किया कि अभी तक देश को आदिवासी महिला राष्ट्रपति नहीं मिली हैं। ऐसे में बैठक के बाद द्रौपदी मुर्मू के नाम पर मुहर लगाई गई। बीजेपी अध्यक्ष ने इस बात पर भी जोर दिया कि द्रौपदी मुर्मू ने अपने जीवन में लंबे समय तक शिक्षक के रूप में काम किया। जिस प्रकार से सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे थे, वैसे ही द्रौपदी मुर्मू ने भी एक अहम भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी द्रोपदी मुर्मू के नाम का स्वागत किया है।   वे ट्वीट कर लिखते हैं कि द्रौपदी मुर्मू जी ने अपना जीवन गरीबों की सेवा में निकाला है। उन्हें कई सालों का प्रशासनिक अनुभव है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे एक बेहतरीन राष्ट्रपति साबित होंगी। उनके नाम का ऐलान कर पार्टी ने एक तरफ आदिवासी समुदाय को साधने का काम किया है तो वहीं दूसरी तरफ महिला सशक्तिकरण को लेकर भी संदेश दिया है। द्रौपदी मुर्मू की बात करें तो वे देश की पहली आदिवासी राज्यपाल बनाई गई थीं। वे साल 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रहीं। राज्यपाल का पद संभालने से पहले द्रौपदी मुर्मू बीजेपी की S.T. मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रह चुकी थीं। इसके अलावा एक विधायक के रूप में भई द्रौपदी मुर्मू ने शानदार काम किया है। उन्हें साल 2007 में नीलकंठ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। तब ओडिशा विधानसभा की तरफ से उन्हें वो अवॉर्ड दिया गया था। ऐसे में द्रौपदी मुर्मू ने अपने काम से हमेशा ही सभी के दिलों को जीता है, इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए एनडीए ने भी उनके नाम को आगे करने का फैसला किया। बता दें कि देश के नए राष्ट्रपति का चुनाव 18 जुलाई को होना है। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी। चुनाव आयोग ने इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना जारी किए जाने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 29 जून है।  बीजेपी और सिंहदेव के बयान से सरकार मुश्किल में, सीएम भूपेश बोले- गोली नहीं चलेगी, भाजपा दिल्ली में करें विरोध केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का ऐलान, किसानों के लिए जल्द आएगा इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर PM Modi’s success proves democracies can deliver: Biden praises India’s Covid war