छत्तीसगढ़ की दो बेटियों ने बॉस्केटबॉल में किया कमाल, भारत के अंडर-16 टीम में हुआ चयन, सीएम ने दी शुभकामनाएं रायपुर। राजनांदगांव की दो बेटियों का भारत के अंडर-16 बॉस्केटबॉल टीम में चयन हुआ है। दोनों बेटी का नाम प्रार्थना साल्वे और मोनी अडला हैं। दोनों भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के राजनांदगांव ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रही हैं। अब दोनों जॉर्डन के अम्मान में आयोजित फीबा एशिया अंडर-16 बास्केटबॉल चैंपियनशिप में देश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह चैंपियनशिप 24 जून से 30 जून तक आयोजित की गई है। बता दें कि डेल्ही पब्लिक स्कूल, राजनांदगांव की इन दोनों छात्राओं का चयन इस साल जनवरी में इंदौर में हुई जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। इन दोनों खिलाड़ियों ने अम्मान में होने वाले एशियन चैंपियनशिप के लिए बेंगलुरू में आयोजित भारतीय टीम के कैंप में भी हिस्सा लिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और खेल मंत्री उमेश पटेल ने भारतीय टीम में इन दोनों के चयन के लिए बधाई दी है। उन्होंने चैंपियनशिप में अच्छे प्रदर्शन के लिए दोनों को शुभकामनाएं भी दी हैं। https://twitter.com/ChhattisgarhCMO/status/1539501106048290818?t=E73UodxsIW3C6yYaj5YIcw&s=08