थानों में लकी ड्रॉ से पोस्टिंग, सिपाहियों ने चुनी मनचाही तैनाती कवर्धा। जिले में पुलिसकर्मियों की पोस्टिग चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि यहां बुधवार को अनोखी लिस्ट निकाली गई। पुलिसकर्मियों ने खुद से ही अपने लिए चौकी और थाने का चयन किया। इसके लिए लकी ड्रॉ निकाला गया। इस सूची में 65 पुलिसकर्मियों का नाम है। प्रदेश में ऐसी पोस्टिंग पहली बार पुलिसकर्मियों को दी गई है। एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिसकर्मियों की 5 घंटे तक बैठक भी ली। इसमें उन्होने कहा कि ट्रांसफर पारदर्शिता लाने के लिए कदम उठाया है। बता दें कि कवर्धा जिले में नए पदस्थ महिला और पुरूष सिपाही ट्रेनिंग के बाद पुलिस लाइन से ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए पहुंचे थे। इस पर एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह और एडिशनल एसपी मनीषा ठाकुर रावटे ने जवानों की बैठक ली। इस दौरान जिले के थानों और चौकियों में रिक्त पदों के आधार पर कागज की चिट तैयार की गई। फिर एक-एक कर सिपाहियों को बुलाया गया और उनसे लकी ड्रॉ के जीए चिट निकालने को कहा गया।