छत्तीसगढ़ी सिनेमा से दुखद खबर, कोरियाग्राफर निशांत उपाध्याय का निधन

छत्तीसगढ़ी सिनेमा से दुखद खबर, कोरियाग्राफर निशांत उपाध्याय का निधन रायपुर। छत्तीसगढ़ सिनेमा से एक बेहद बुरी खबर सामने आई है। छॉलीवुड के कोरियोग्राफर निशांत उपाध्याय का निधन हो गया है। निशांत उपाध्याय के निधन के बाद छत्तीसगढ़ सिनेमा जगत में शोक की लहर है। निशांत छालीवुड के ऐसे कलाकार थे, जिन्होंने बहुत ही कम समय में प्रसिद्धि हासिल की थी। जानकारी के अनुसार, बुधवार-गुरुवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली। रात करीब ढाई बजे उनका निधन हो गया। बीमारी के चलते उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। निधन की खबर के बाद उनके चाहने वालों का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। आज उनका अंतिम संस्कार किया जा सकता है। बता दें कि मशहूर छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘झन भूलो मां-बाप ला’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले निशांत ने करीब 2500 गानों के लिए कोरियोग्राफी की। वे फिल्मों में एक्टिंग भी की थी। छॉलीबुड की हालिया चर्चित फिल्म ‘भूलन द मेज’ के गानों के लिए कोरियोग्राफी के साथ ही उन्होंने इस फिल्म में एक्टिंग भी की थी। फिल्म में वे कलेक्टोरेट में चपरासी की भूमिका पर्दे पर अदा करते नजर आए। उनके इस किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। निशांत की रिलीज हुई ये अंतिम फिल्म है।

 छॉलीबुड में शोक 

निशांत उपाध्याय का जन्म 7 जुलाई 1980 में हुआ था। उनके निधन की सूचना के बाद छॉलीबुड में शोक की लहर है। छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता पद्मश्री अनुज शर्मा ने निशांत के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया है।

अनुज शर्मा ने जताया शोक

 अनुज ने लिखा- “निशांत अब शांत हो गया। अब शूटिंग में मेरे टिफिन को कौन शेयर करेगा? मेरी जिन्दगी में तेरी कमी कोई कभी पूरी नहीं कर पाएगा लल्ला। तुम जैसा न कोई था, न कोई है और न कोई होगा। जिसने लाखों दिलों को अपनी अदा से जीता। जिसने छत्तीसगढ़ी सिनेमा को ऊंचाईयों तक पहुंचाया। जिसने सबसे ज्यादा बेस्ट कोरियोग्राफर का अवार्ड जीता, जिसने हजारों गानों का नृत्य-निर्देशन किया। छोटे-बड़े हर कलाकार और निर्माता-निर्देशक के साथ काम किया। अलविदा मेरे भाई।”

प्रोड्यूसर-डायरेक्टर लखी सुंदरानी ने शोक व्यक्त किया

सुप्रसिद्ध प्रोड्यूसर डायरेक्टर लखी सुंदरानी ने भी इस बात की जानकारी फेसबुक में साझा की है। निशांत ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 1999 में की थी। उन्होंने शुरुआत फिल्म 'झन भूलो मा बाप ला' से की थी। निशांत ने 2500 से ज्यादा एल्बम गाने कोरियोग्राफ किए हैं और छत्तीसगढ़ फिल्म इंडस्ट्री के वो सुपरहिट कोरियोग्राफर रहे हैं।