ध्यान हटी दुर्घटना घटी! मेमो ट्रेन से टकराया क्षेत्रीय रेल प्रबंधक, सिर में चोट लगने से मौत डेस्क। बिलासपुर रेल मंडल के अमलाई स्टेशन पर मेमो ट्रेन से टकराने से क्षेत्रीय रेल प्रबंधक यागवेंद्र सिंह भाटी (30 वर्ष) की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि अमलाई रेलवे स्टेशन पर तीसरी लाइन के लिए विद्युतीकरण का काम चल रहा है। इसके निरीक्षण के लिए यागवेंद्र सिंह भाटी स्टेशन में मौजूद थे। वे मोबाइल फोन से बात करते हुए ट्रैक की तरफ गए थे। इस बीच ट्रेन के नजदीक आने का उन्हें ध्यान नहीं रहा और कटनी की ओर से बिलासपुर की ओर आ रही ट्रेन से वे टकरा गए। उनके सिर में गहरी चोट आई और वहीं बेहोश होकर गिर गए। भाटी को तत्काल धनपुरी स्थित रेलवे के केंद्रीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह हादसा गुरुवार की शाम 6.15 बजे की है। बता दें कि यागवेंद्र सिंह भाटी इस समय बैकुंठपुर में पदस्थ थे, लेकिन शहडोल में एरिया रेल मैनेजर का पद रिक्त होने के कारण उन्हें अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया था, ताकि विद्युतीकरण के कार्य में बाधा न आए। पता चला है कि भाटी का विवाह एक माह पहले ही हुआ था। उनकी पत्नी भी रेलवे में अधिकारी हैं।