भाजपा पार्षदों ने घेरा निगम कार्यालय, सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप रायपुर। भारतीय जनता पार्टी रायपुर जिला के कार्यकर्ता और भाजपा पार्षदों ने आज रायपुर नगर निगम का घेराव कर दिया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओ ने अमृत मिशन योजना में स्तरहीन कार्य, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्मार्ट सिटी योजना में घोटाले सड़कों पर जलभराव जैसे मामलों को लेकर ये प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा किए गए इस नगर निगम घेराव में बड़ी संख्या में रायपुर जिला के कार्यकर्ता और विभिन्न वार्डों के पार्षद मौजूद थे। वहीं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने महापौर एजाज ढेबर पर लोगों के हितों के लिए काम ना करने का आरोप लगाते हुए कहा कि “अमृत मिशन योजना के तहत बेहद स्तरहीन कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और स्मार्ट सिटी योजना में भी घोटाला किया जा रहा है। पूरे शहर की सड़कें गड्ढों से पटी हुई हैं और शहर में जलभराव और जल संकट व्याप्त है।”