कार्रवाई पर बवाल! पटवारी संघ का हड़ताल खत्म, राजस्व सचिव ने दिया आश्वासन
जांजगीर-चांपा। राजस्व पटवारी संघ का हड़ताल आज समाप्त हो गया। राजस्व सचिव के आश्वासन के बाद यह फैसला लिया गया। सचिवों को आंदोलन दिवस का वेतन दिया जाएगा। वहीं कार्रवाई करने वाले तहसीलदार और नायब तहसीलदार को पहले की अटैच किया जा चुका है।
दरअसल, जांजगीर जिले के कोडाभाट पटवारी देवेंद्र साहू का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें किसान से घूस लेने का आरोप लगाया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद पामगढ़ तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने पटवारी को निलंबित कर दिया। इसके बाद पटवारी को हिरासत में ले लिया गया।
इसके विरोध में पटवारी संघ ने 2 जून से मोर्चा खोल दिया। लगातार 23 दिन तक धरन दिया। संघ का कहना है कि बिना जांच के कार्रवाई की गई। पुलिस में मामला दर्ज किये बिना हिरासत में लिया गया। इसके विरोध में अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पटवारियों की मांग पर राजस्व सचिव ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है, जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया गया है।
फ़िलहाल जांजगीर जिले में आंदोलन कर रहे पटवारी काम पर लौट आए हैं। पटवारियों ने राजस्व सचिव के जांच के आश्वासन के बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद आंदोलन अवधि का वेतन भुगतान करने की मांग की है।