कलेक्टर के व्हाट्सएप का बनाया क्लोन, परिचितों से की ठगी की कोशिश महासमुंद। जिले के कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर के व्हाट्सएप का क्लोन बनाकर उनके नाम पर अफसरों से रुपए की मांग करने का मामला सामने आया है। सायबर सेल ने उस फेक आईडी को ब्लॉक कर दिया है। हालांकि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं किया है। लेकिन पुलिस जांच में जुटी है। बता दें कि, सायबर ठग इन दिनों आम लोगों के साथ ही साथ आईएएस और आईपीएस जैसे अफसरों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला महासमुंद कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर का है। ठगों ने कलेक्टर के व्हाट्सएप का क्लोन बनाकर जिले के अधिकारियों से रुपए की मांग की है। यहीं नहीं ठगों ने रिचार्ज आदि की मांग की है। हालांकि ठगों ने अबतक कितने की ठगी की है, इसका पता नहीं चल पाया है। वहीं कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर की फेक आईडी का पता चलते ही उन्होंने महासमुंद एसपी विवेक शुक्ला को इस पर कार्रवाई करने को कहा है। सायबर सेल टीम ने कलेक्टर के फेक आईडी को ब्लॉक कर दिया है। सिटी कोतवाली प्रभारी सिदेश्वर सिंह का कहना है कि जानकारी मिली है। फेक आईडी को ब्लॉक कर दिया गया है। अभी एफआईआर दर्ज नहीं किया है। जांच चल रही है।