5 राज्यों की तीन लोकसभा और 7 विधानसभा सीटों पर गिनती जारी, थोड़ी देर में पहला रुझान नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत 5 राज्यों की तीन लोकसभा और 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आज आएंगे। मतगणना सुबह आठ बजे से जारी है। इन सीटों पर बीते 23 जून को वोट पड़े थे। उप्र में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव व वरिष्ठ सपा नेता आजम खां के त्यागपत्र के बाद रिक्त आजमगढ़ व रामपुर लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ है। आजमगढ़ और रामपुर में क्रमशः 48.58 प्रतिशत और रामपुर में 39.02 प्रतिशत वोट पड़े, जो पिछले चुनाव में पड़े मत से कम थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के विधायक चुने जाने के कारण खाली हुई संगरूर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी मतदाताओं में खास उत्साह नहीं दिखा था और केवल 36.40 प्रतिशत वोट पड़े थे। दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा सीट के उपचुनाव में सिर्फ 43.75 प्रतिशत मतदान हुआ। आप नेता राघव च़ड्ढा के राज्यसभा में जाने से खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा था। त्रिपुरा में अगरतला, टाउन बारदोवाली, सूरमा और जुबराजनगर सीटों की चार विधानसभा सीटों के साथ ही झारखंड की मांडर और आंध्र प्रदेश की आत्मकुरु विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया गया है।