IND vs IRE: हार्दिक पंड्या की कप्तानी में टीम इंडिया की पहली जीत, हुड्डा ने खेली शानदार पारी स्पोर्ट्स डेस्क। हार्दिक पंड्या की अगुवाई में टीम इंडिया ने दो दिवसीय टी20 सीरीज में शानदार शुरुआत की है। टीम ने सीरीज के पहले मुकाबले में आयरलैंड को 7 विकेट से मात दे दी। बारिश के कारण मैच 12-12 ओवर का खेला गया। हैरी टैक्टर के नाबाद 64 रन के सहारे आयरलैंड ने पहले खेलते हुए 4 विकेट पर 108 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया ने लक्ष्य को 9.2 ओवर में 3 विकेट पर 111 रन बनाकर हासिल कर लिया। पंड्या पहली बार टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं और वे 12 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने एक विकेट भी अपने नाम किया। सीरीज का दूसरा और अंतिम मैच 28 जून को खेला जाएगा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत बेहद अच्छी रही। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने आयरलैंड के खिलाफ दमदार शुरुआत की है। उन्होंने आउट होने से पहले 11 गेंदों में 26 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। ऋतुराज गायकवाड़ इस मैच में ओपनिंग के लिए नहीं उतरे, उनकी जगह दीपक हुड्डा को ओपनिंग करने का मौका मिले। पहले कुछ ओवरों में उन्होंने धीमी पारी खेली। लेकिन एक बार सेट होने के बाद उन्होंने भी बड़े शॉट लगाए और कप्तान हार्दिक के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 64 रन की साझेदारी की। कप्तान हार्दिक पांड्या 12 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दीपक हुड्डा ने 29 गेंदों में नाबाद 47 रन की पारी खेली। दिनेश कार्तिक 4 गेंद में 5 रन बनाकर नाबाद रहे। आयरलैंड की ओर से क्रेग यंग ने 2 और लिटिल को एक विकेट मिला। इससे पहले आयरलैंड ने बारिश के कारण देरी से शुरू हुए मैच में खराब शुरुआत की। भारतीय गेंदबाजों ने निर्धारित 4 ओवर के पावरप्ले के अंदर ही आयरलैंड के तीन विकेट गिरा दिए थे। आयरलैंड की ओर से हैरी टेक्टर ने 33 गेंदों में सर्वाधिक नाबाद 64 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के लगाए। भुवनेश्वर कुमार ने आयरलैंड के कप्तान एंड्रयू बलबिर्नी को पहले ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। पॉल स्टर्लिंग 4 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। डेलेनी 9 गेंद में 8 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टेक्टर और टकर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। टकर 16 गेंद में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। डॉकरेल ने 4 रन बनाया। भारत की ओर से भुवनेश्वर, हार्दिक, चहल और आवेश को 1-1 विकेट मिले। इन दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच मंगलवार को खेला जाएगा।