सेना के जवान ने अपने साथियों पर चलाई गोली, मौके पर मौत, आरोपी जवान छत्तीसगढ़ से...
सेना के जवान ने अपने साथियों पर चलाई गोली, मौके पर मौत, आरोपी जवान छत्तीसगढ़ से...
पठानकोट। पंजाब में पठानकोट जिले के मीरथल कैंटोनमेंट स्थित 15 गार्ड बटालियन में सेना के एक जवान ने अपने दो साथियों पर गोली चला दी। मौके पर ही दोनों जवान की मौत हो गई। घटना के बाद कैंटोनमेंट में अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया। आर्मी ने स्थानीय पुलिस के साथ मिल सर्च ऑपरेशन के बाद आरोपी को पकड़ लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान हवलदार गौरी शंकर व सूर्यकांत के रूप में हुईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जिले के नंगलभूर थाने की पुलिस के मुताबिक, आरोपित जवान लोकेश कुमार ध्रुव छत्तीसगढ़ के जिला बलौदाबजार, गांव गदीदां का रहने वाला है।
सेना की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर नंगलभूर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में नायक पन्नी राजू ने बताया कि हवलदार गौरी शंकर, तेलांगी सूर्यकांत और आरोपित लोकेश कुमार एक ही बैरक में रहते थे। एक समय में तीन-तीन जवान ड्यूटी पर रहते हैं। रविवार रात करीब एक बजे वह भी ड्यूटी पर तैनात थे।
रात ढाई बजे घटना को दिया अंजाम
आरोपित लोकेश बैरक के बाहर निगरानी पर था। रात करीब दो बजे तेलांगी व गौरी शंकर सहित तीनों बैरक में पहुंचे और सो गए।
नायक पन्नी राजू ने बताया कि रात करीब ढाई बजे गोलियों की आवाज आई। उसने देखा कि लोकेश के हाथ में राइफल थी। वहीं, पास में हवलदार तेलांगी और गौरी शंकर खून से लथपथ तड़प रहे थे।
इसी दौरान बाकी जवान भी उठे तो आरोपित राइफल छोड़कर फरार हो गया। उन्होंने घायलों को सैन्य अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। सेना की ओर से अभी इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
हवलदार गौरीशंकर की राइफल से हमला
एक सैन्य अधिकारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जिस इनसास राइफल से आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया। वह हवलदार गौरी शंकर के नाम पर जारी की गई थी। जब वह रात को पेट्रोलिग से लौटे तो हवलदार गौरी शंकर ने सभी हथियारों को बैरक की अलमारी में रखा और ताला लगाकर चाबी तकिये के नीचे रख ली थी। इसके बाद वह सो गए थे। आरोपित लोकेश ने हवलदार गौरीशंकर के तकिये के नीचे से चाबी लेकर अलमारी खोलकर राइफल निकाल ली और फायरिंग कर दी।