पंचायत उपचुनाव : गांव में नहीं बनी पक्की सड़क, ग्रामीणों ने चुनाव का कर दिया बहिष्कार जांजगीर-चांपा। जिले में ग्रामीणों ने त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव का बहिष्कार कर दिया है। उपचुनाव के लिए आज गांव में मतदान होना था, लेकिन वोटिंग बूथों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंचायत खुखरी के गांव रीवा पार में सरपंच पद के लिए मतदान होना है। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से इस गांव में आज तक सड़क नहीं बना है। सड़क बनाने के लिए हाई कोर्ट द्वारा आदेश भी दिया गया था लेकिन इसके बावजूद सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। आजादी के 75 वर्षों बाद भी इस गांव के लोगों ने अब तक पक्की सड़क नहीं देखी है। ग्रामीण इसे लेकर कई बार जनप्रतिनिधि और अधिकारी से गुहार लगा चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक किसी ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया है। अब ग्रामीणों ने इस उपचुनाव का बहिष्कार कर दिया है।