कन्हैयालाल की हत्या से उदयपुर में तनाव, प्रशासन ने लगाया धारा 144, जिलों में इंटरनेट सेवा बंद
कन्हैयालाल की हत्या से उदयपुर में तनाव, प्रशासन ने लगाया धारा 144, जिलों में इंटरनेट सेवा बंद
डेस्क। उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल की हत्या हो गई, जिसकी चर्चा पूरे देश में है। जिस तरह से इस घटनाक्रम को अंजाम दिया गया, उस बर्बरता के खिलाफ गुस्सा है। पूरा मामला साम्प्रदायिक है, क्योंकि कन्हैयालाल ने नूपुर शर्मा के बयान का समर्थन किया था और उसके बदले में रियाज अख्तरी और गौस मोहम्मद ने पहले धमकी दी और अब हत्या कर दी।
दोनों आरोपियों को वारदात के कुछ घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था। पूरे राजस्थान में धारा 144 है। उदयपुर और आसपास के जिलों में इंटरनेट बंद है। उदयपुर के 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू है। केंद्र सरकार ने एनआईए को जांच सौप दी है।
थाने में समझौता, फिर भी कर दी हत्या
जानकारी के मुताबिक, नूपुर शर्मा के बयान का समर्थन करने वाली डीपी लगाने के बाद से कन्हैयालाल को धमकियां मिल रही थीं। इसके बाद कन्हैयालाल ने कुछ दिन अपनी दुकान बंद रखी। पुलिस के पास भी गया। यहां तक कि रियाज अख्तरी के साथ समझौता भी कर लिया था। बकायदा कागज पर लिखकर दोनों ने साइन किए थे, लेकिन रियाज ने साथी गौस के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दे दिया।
उदयपुर में तनाव कायम
इस घटना के बाद हिंदू संगठन में आक्रोश है और पूरे शहर में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने 24 घंटों के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। साथ ही आसपास के 7 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस ने हत्या के दोनों आरोपियों को राजसमंद से गिरफ्तार कर लिया है। हालात संभालने पुलिस के आला अधिकारी तैनात है। आज सभी की नजर एनआईए टीम पर है जो जांच के लिए मौके पर पहुंचेगी।