सुप्रीम फैसला : उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, बोले-आपको बड़ा किया ये मेरा पाप है

सुप्रीम फैसला : उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा, बोले-आपको बड़ा किया ये मेरा पाप है नई दिल्ली। महाराष्ट्र सियासी संकट पर बुधवार रात सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि 30 जून यानी कल सदन में फ्लोर टेस्ट होगा। लेकिन फ्लोर टेस्ट से पहले ही उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले उद्धव ने फेसबुक लाइव कर इसकी घोषणा की। उद्धव ने फेसबुक लाइव में कहा कि मुझे फ्लोर टेस्ट से कोई मतलब नहीं है। मैं CM पद छोड़ रहा हूं। उन्होंने विधानपरिषद सदस्य से भी इस्तीफा दे दिया है। ठाकरे ने कहा कि मेरे पास शिवसेना है और कोई मुझसे इसे छीन नहीं सकता। इसके बाद उद्धव ठाकरे राजभवन पहुंचे और वे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उद्धव कल विधानसभा में होने वाले फ्लोर टेस्ट में नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता कि कल शिवसैनिकों का खून बहे और वे सड़क पर उतरें। इसलिए मैं कुर्सी छोड़ रहा हूं। उद्धव ने बागियों को दिया भावुक संदेश  उन्होंने इस फेसबुक लाइव में अपनी उपलब्धियों के साथ बगावत पर दुख व्यक्त किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि अच्छे कामों को नजर जल्दी लगती है। उद्धव ठाकरे ने सोनिया गांधी और शरद पवार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जिनको उन्होंने बहुत कुछ दिया वे नाराज हैं और जिन्हें कुछ नहीं दिया वे आज भी साथ हैं। मुझे इन लोगों से धोखे की आशंका नहीं थी। सीएम उद्धव ने कहा कि हमने लोगों के फायदे के लिए काम किया। सबका आशीर्वाद हमारे साथ है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी फ्लोर टेस्ट की इजाजत दे दी है। राज्यपाल जी का भी धन्यवाद। राज्यपाल ने एक खत पर ऐक्शन लिया और फ्लोर टेस्ट के लिए कहा। बागियों की नाराजगी किस बात की है। शिवसैनिकों को नोटिस भेजा जा रहा है। सूरत, गुवाहाटी जाकर नाराजगी जाहिर की जा रही है।   नहीं थी दगा की उम्मीद- उद्धव उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर आपने मुझसे बात करने की कोशिश की होती तो मैं जरूर बात करता। मैं आज भी बात करने को तैयार हूं। मैंने आपको अपना माना था। आपसे दगा की उम्मीद नहीं थी। मुझे पता चला है कि मुंबई में केंद्र सरकार ने सुरक्षा के लिए अलग से फोर्स भेजी है। यहां आप लोगों के आने पर सीआरपीएफ दाखिल होने वाली है। मुझे शर्म आ रही है। क्या आप शिवसैनिकों के खून से मुंबई के रास्ते लाल करने वाले हैं?

आपको बड़ा किया यह मेरा पाप है और मैं उसे भोग रहा हूं-  उद्धव ठाकरे

ठाकरे ने कहा, कांग्रेस ने भी मंत्रिमंडल से निकलने की बात की। आज शिवसैनिकों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। उन्हें घऱ से निकलने से रोका जा रहा है। कल के फ्लोर टेस्ट से मुझे मतलब नहीं है। आपके पास कितनी संख्या है मुझे मतलब नहीं है। आप शायद कल विरोधियों का बहुमत सिद्ध ही कर देंगे। जिनको शिवसैनिकों ने बड़ा किया। आपको याद रखना चाहिए कि उस बालासाहेब के बेटे को कुर्सी से उतारने का पुण्य आपने किया है। आपको बड़ा किया यह मेरा पाप है और मैं उसे भोग रहा हूं। 'औरंगाबाद का नाम बदलकर संभाजी नगर किया' ठाकरे ने कहा कि हमने औरंगाबाद का नाम बदलकर संभाजी नगर किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने लोगों के लिए काम किया। उद्धव ने कहा कि SC ने फ्लोर टेस्ट के लिए कहा है। उन्होंने कहा, मैं संतुष्ट हूं कि हमने आधिकारिक तौर पर औरंगाबाद का नाम संभाजी नगर और उस्मानाबाद का नाम धाराशिव कर दिया है।