स्कूल मध्यान्ह भोजन कंप्यूटर ऑपरेटर संघ का काम बंद कलम बंद हड़ताल, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर जता रहे विरोध

स्कूल मध्यान्ह भोजन कंप्यूटर ऑपरेटर संघ का काम बंद कलम बंद हड़ताल, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर जता रहे विरोध सतअंजोर, रायपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग मध्यान्ह भोजन कंप्यूटर ऑपरेटर संघ अपने 5 प्रमुख मांगों को लेकर शुक्रवार से हड़ताल पर है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश साहू ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में मध्यान्ह भोजन योजना अंतर्गत 350 ऑपरेटर 10 से 12 वर्षों से आज तक सेवा दे रहे। साथ ही मध्यान्ह भोजन योजना के अतिरिक्त स्कूल शिक्षा विभाग के सभी कार्य हमारे द्वारा किया जाता है।  5 प्रमुख मांगें इस प्रकार है-

  1.  स्कूल शिक्षा विभाग में विगत 10 वर्षों से कार्य डाटा एंट्री ऑपरेटरों को विभाग के रिक्त पद सहायक ग्रेड 3 के 803 पद एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर की 86 पदों पर नियमितीकरण करने हेतु।
  2. राज्य स्तरीय संचालन सहमनिटरिंग समिति की बैठक स्वीकृति अनुसार दिनांक 8.05. 2020 अनुक्रम में अप्रैल 2020 से अंतर राशि का एरियर्स भुगतान करने हेतु ।
  3.  प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्यान्ह भोजन योजना) में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को समान कार्य - समान वेतन दिए जाने हेतु।
  4. प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्यान्ह भोजन योजना) में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को ईपीएफ कटौती की सुविधा देने हेतु ।
  5.  महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश का लाभ प्रदान करने ।
कमलेश साहू ने बताया कि इस संबंध में विभिन्न पत्रों के माध्यम से शासन स्तर पर हमारी मांगों को लेकर कई बार अवगत कराया गया। इस संबंध में संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा मार्ग दर्शन हेतु 20 मई 2022 एवं 7 जून 2022 को मार्गदर्शन हेतु सचिव,स्कूल शिक्षा विभाग छ.ग.शासन को पत्र प्रेषित किया गया है लेकिन आज तक किसी प्रकार सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। संघ के अध्यक्ष ने कहा कि इस कारण 1 जुलाई से 8 जुलाई तक काम बंद कलम बंद हड़ताल में सभी कंप्यूटर ऑपरेटर सम्मिलित रहेंगे। शासन स्तर पर शीघ्र निर्णय नहीं लिए जाने पर हम सभी कंप्यूटर ऑपरेटर 1 सितंबर 2022 से संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के साथ अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाने के लिए बाध्य होंगे।