Teachers Day 2021 : राष्ट्रपति कोविंद बोले- बच्चों की क्षमता के अनुसार हो सर्वांगीण विकास, छत्तीसगढ़ के इस शिक्षक का किया सम्मान, जानिए उनके बारे में...
नई दिल्ली। देशभर में आज शिक्षक दिवस (Teachers Day) मनाया जा रहा है. इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ramnath Kovind) ने एक वर्चुअल कार्यक्रम में 44 शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया है। इस मौके पर राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षकों का कर्त्तव्य है कि वे अपने विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि जागृत करें। राष्ट्रपति ने कहा कि "एक संवेदनशील शिक्षक अपने व्यवहार, आचरण व शिक्षण से विद्यार्थियों का भविष्य संवार सकते हैं।"
सर्वांगीण विकास पर बल
शिक्षक दिवस पर (Teachers Day) कोविंद ने कहा कि "शिक्षकों को ध्यान रखना चाहिए कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता अलग होती है, उनकी प्रतिभा अलग होती है, मनोविज्ञान अलग होता है, सामाजिक पृष्ठभूमि व परिवेश भी अलग-अलग होता है। इसलिए हर एक बच्चे की विशेष जरूरतों, रुचियों और क्षमताओं के अनुसार उसके सर्वांगीण विकास पर बल देना चाहिए।"
अपने शिक्षकों से आशीर्वाद लेने का मिला अवसर
राष्ट्रपति ने कहा कि "आज तक मुझे अपने आदरणीय शिक्षकों की याद आती रहती है। मैं स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस करता हूं कि राष्ट्रपति का कार्यभार ग्रहण करने के बाद, मुझे अपने स्कूल में जाकर, अपने वयोवृद्ध शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनका आशीर्वाद लेने का अवसर प्राप्त हुआ था।"
डॉ ए.पी.जे. अब्दुल कलाम अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों को दिया
उन्होंने कहा कि "मेरे पूर्ववर्ती राष्ट्रपति डॉक्टर ए.पी.जे. अब्दुल कलाम एक वैज्ञानिक के रूप में अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों को दिया करते थे। वे अपने स्कूल के एक अध्यापक के विषय में बताया करते थे जिनके पढ़ाने की रोचक शैली के कारण बचपन में ही उनमें एयरोनॉटिकल इंजीनियर बनने की ललक पैदा हुई।"
बता दें कि भारत में 5 सितंबर की तारीख का एक खास महत्व है। इस दिन देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म हुआ था। उन्हीं के सम्मान में इस दिन को ‘शिक्षक दिवस' के रूप में मनाया जाता है। 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु में जन्मे डॉ. राधाकृष्णन को भारतीय संस्कृति के संवाहक, प्रख्यात शिक्षाविद्, महान दार्शनिक और एक आस्थावान हिन्दू विचारक के तौर पर जाना जाता है। पूरे देश को अपनी विद्वता से अभिभूत करने वाले डॉ. राधाकृष्णन को भारत सरकार ने सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया था।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शिक्षक दिवस (Teachers Day) के अवसर पर छत्तीसगढ़ के शिक्षक डॉ प्रमोद कुमार शुक्ला को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया. यह सम्मान समारोह सुबह 10 बजे से वर्चुअल रूप से आयोजित की गई.
राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान पुरस्कार 2021 से सम्मानित होने वाले डॉ प्रमोद कुमार शुक्ला एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय करपावंड, जिला बस्तर में व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं।
छात्रों के अंग्रेजी सुधारने के लिए किया नवाचार
बस्तर के वकावंड विकासखंड के गांव करपावंड में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के व्याख्याता डॉ. प्रमोद कुमार शुक्ल इस विद्यालय में पिछले 10 साल से लगातार आदिवासी वर्ग के बच्चों की अंग्रेजी को सुधारने के लिए नवाचार कर रहे हैं। आवासीय विद्यालय में आने वाले विभिन्न सामग्रियों साबुन, बिस्किट, चाकलेट, निरमा पाउडर आदि के रैपर में लिखे गए अंग्रेजी के शब्दों को बोलने का अभ्यास कराते रहे हैं।
डॉ प्रमोद का कहना है कि यहां के बच्चों को अंग्रेजी के शब्दों का उच्चारण करने में दिक्कत होती थी। इस दिक्कत को दूर करने के लिए रोजमर्रा की बाजार से आने वाली चीजों के रैपर पर लिखे गए शब्दों को बार-बार उच्चारित कराया गया। इसका असर बच्चों के न सिर्फ बौद्धिक विकास के रूप में दिखा, बल्कि अंग्रेजी के प्रति भय दूर होने से उनके व्यक्तित्व विकास में भी बदलाव देखने को मिले।
देखिए डॉ प्रमोद का यह वीडियो-
https://www.youtube.com/watch?v=Jn7sNGNBWDc
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 सितंबर को करेंगे संबोधित
शिक्षक पर्व (Teachers Day) के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 सितंबर को सुबह 11 बजे शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री, शिक्षा विभाग की पांच पहलों का शुभारम्भ करेंगे, जिनमें 10,000 शब्दों का भारतीय सांकेतिक भाषा शब्दकोष, टाकिंग बुक्स (नेत्रहीनों के लिए ऑडियो बुक), सीबीएसई का स्कूल क्वालिटी एसेसमेंट एंड एक्रीडिएशन फ्रेमवर्क (एसक्यूएएएफ), निपुण भारत के लिए निष्ठा टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम और विद्यांजलि पोर्टल (स्कूल विकास के लिए शिक्षा स्वयंसेवकों/दानदाताओं/सीएसआर अंशदाताओं की सहूलियत के लिए) शामिल हैं। इस कॉनक्लेव में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार और शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. राजकुमार रंजन सिंह शामिल होंगे।
17 सितंबर तक कई कार्यक्रम आयोजित
शिक्षक पर्व (Teachers Day) के तहत 17 सितंबर तक वेबिनार, चर्चा, प्रस्तुतीकरण समेत अन्य कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिनमें देश के विभिन्न स्कूलों के शिक्षा विशेषज्ञों को अपने अनुभव, सीख और भविष्य के रोडमैप साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया है। गौरतलब है कि दूरदराज के स्कूलों से आए शिक्षक और प्रैक्टिसनर्स स्कूलों में गुणवत्ता और नवाचार से संबंधित मुद्दों पर बात करेंगे।
संबंधित राज्यों के एससीईआरटी (SCERT) और डायट (DIET) भी हर वेबिनार में आगे आकर विचार विमर्श करेंगे और रोडमैप साझा करेंगे। वेबिनारों की विषयवस्तु को शिक्षा में तकनीक : एनडीईएआर, मूलभूत साक्षरता और संख्यात्मकता, शिक्षा और ईसीसीई की पूर्व-अपेक्षा, समावेशी कक्षाओं को पोषण आदि उप-विषयों में बांटा गया है, जिनके माध्यम से सर्वश्रेष्ठ प्रक्रियाओं और पहलों पर जोर दिया जाएगा. इन्हें भारत में स्कूलों द्वारा अपनाया जा सकता है।
यह भी पढ़े– डी पुरंदेश्वरी के विवादित टिप्पणी, कहा- भाजपा के कार्यकर्ता पीछे मुड़कर थूकेंगे तो बह जाएगा कांग्रेस का मंत्रिमंडल, सीएम भूपेश का पलटवार, बोले- आसमान पर थूकोगे तो…
यह भी पढ़े- ‘थूकने’ वाले बयान पर बवाल : डी पुरंदेश्वरी के बचाव में BJP, अजय चंद्राकर ने दी सफाई, कहा- पुरंदेश्वरी दक्षिण भारतीय, फूंक का उच्चारण हुआ गलत…
यह भी पढ़े- नौकरी के अवसर : छत्तीसगढ़ में प्रोफेसरों की होगी बंपर भर्ती, ADPPO के पदों के लिए भी भर्ती, पढ़िए डिटेल में…
यह भी पढ़े- 37वीं प्रगति मीटिंग : काम अटकाने वाले बाबुओं की खैर नहीं, पीएम मोदी ने मांगी लिस्ट, छत्तीसगढ़ के रेलवेे प्रोजेक्ट में देरी पर जताई नाराजगी!…
यह वीडियो देखें-