छत्तीसगढ़ बंद, विहिप, बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद कराया रायपुर, मिला व्यापारियों का समर्थन
छत्तीसगढ़ बंद, विहिप, बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद कराया रायपुर, मिला व्यापारियों का समर्थन
रायपुर। उदयपुर हत्याकांड के विरोध में आज छत्तीसगढ़ बंद है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के आह्वान पर बुलाये गए छत्तीसगढ़ बंद को भाजपा ने भी समर्थन दिया है। आज सुबह से ही भाजपा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हुए हैं। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतर कर छत्तीसगढ़ बंद को सफल बना रहे हैं।
बंद के मद्देनजर राजधानी रायपुर की अधिकांश दुकानें बंद है। पेट्रोल पंप, स्कूल - कॉलेज और बाजार भी बंद नजर आ रहे हैं। गाड़ियां सड़कों पर नहीं दिख रही है। भगवा कपड़ों में लिपटे कार्यकर्ता घूम घूम कर बंद करने की अपील कर रहे हैं।
राजधानी के जय स्तंभ चौक पर आज सुबह से ही सैंकड़ों की संख्या में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और भाजपा के कार्यकर्ता जुट गए और अलग-अलग सड़कों पर बंद कराने निकले।
बता दें कि आज के बंद को चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी अपना समर्थन दिया है। चैंबर ऑफ कॉमर्स के समर्थन की वजह से आज पूरी तरह से दुकान बंद है और बाजार में सन्नाटा पसरा हुआ है, हालांकि कुछ आवश्यक वस्तुओं में जरूर इस बंद के मद्देनजर छूट दी गई है, लेकिन फिलहाल जो सुबह का नजारा दिख रहा है उससे यह छत्तीसगढ़ बंद पूरी तरह से सफल नजर आ रहा है।
सड़कों पर गाड़ियां नहीं नजर आ रही है। लिहाजा कई सारे लोगों को आज गाड़ियों और ऑटो के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, वहीं दफ्तर जाने वाले लोग भी आज बंद के मद्देनजर परेशान होते नजर आए।
राज्य को सांप्रदायिकता की जद में धकेलने की भाजपा और संघ की साजिश - कांग्रेस
छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान राज्य के सांप्रदायिकता की जद में धकेलने की भाजपा और संघ की साजिश है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि उदयपुर की घटना पूरी मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है। पूरा देश इस बर्बर घटना के विरोध में एक जुट होकर खड़ा है। भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस इस आतंकी घटना के आधार पर बंद बुलाकर देश और प्रदेश का माहौल खराब करने का काम कर रहे है। ऐसे बर्बर तत्व और घटनायें देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने का काम करते है।
दुर्भाग्यजनक है कि देश की सत्ता में बैठी हुई भारतीय जनता पार्टी इस घटना के बाद जो आचरण प्रस्तुत कर रही जो बयान दे रही है वह देश की शांति के लिये नुकसान पहुंचाने वाले। देश की सत्तारूढ़ राजनैतिक दल के नेता देश भर में जैसा बयान दे रहे सर्वथा निंदनीय है। सारा देश उदयपुर की घटना से आहत है, व्यथित है लेकिन कुछ आपराधिक मनोवृत्ति के व्यक्तियों के कृत्यों के आधार पर पूरे देश में माहौल खराब करने बंद आदि बुलाकर घटना के आधार पर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही।
सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के द्वारा इस पूरे तनाव की जिम्मेदार भाजपा प्रवक्ता नुपुर शर्मा के फटकार के बाद यह साफ हो गया कि उदयपुर जैसी बर्बर और अमानवीय घटनाओं की भूल भारतीय जनता पार्टी और उसकी विध्वंसक विचारधारा है। उच्चतम न्यायालय ने भाजपा प्रवक्ता को फटकार लगाते हुये कहा कि देश में जो हो रहा उसके पीछे जिम्मेदार नुपुर शर्मा है। नुपुर शर्मा भाजपा की अधिकृत प्रवक्ता थी अतः उसके बयान के पीछे भाजपा की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि घटना के बाद हत्यारो को 6 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया। घटना की एनआईए जांच कर रही है। फिर भाजपा और उसके सहयोगी संगठन के लोग किस उद्देश्य और मंशा से छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान कर रहे है। भाजपाई छत्तीसगढ़ की शांत और गंगा जमुनी भाई चारे की तहजीव पर प्रहार करने के उद्देश्य से बंद की राजनीति कर रहे है।