कोयले की आंच ! कांग्रेस नेता सूर्यकांत तिवारी गिरफ्तार, भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने कसा तंज, किया सवाल

कोयले की आंच ! कांग्रेस नेता सूर्यकांत तिवारी गिरफ्तार, भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने कसा तंज, किया सवाल रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेता सूर्यकांत तिवारी की गिरफ्तारी हुई है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने तिवारी को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम उसे लेकर एक जुलाई को रायपुर पहुंची। हालांकि इस मामले में आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि टीम पूरे मामले में पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि इनकम टैक्स ने गुरुवार को कांग्रेस नेता सूर्यकांत तिवारी, और उनके करीबी लोगों के ठिकानों पर दबिश दी थी। बताया गया कि 5 जगहों पर आयकर टीम द्वारा जांच की गई। कांग्रेस नेता सूर्यकांत तिवारी, कोयला व जमीन के कारोबार से जुड़े हुए हैं। उनके रायपुर के अनुपम नगर स्थित निवास पर आयकर की टीम पहुंची थी। आयकर अफसरों के साथ सीआरपीएफ के जवान भी थे, और घर के सामने के रोड को ब्लॉक कर दिया गया था। बाहरी लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई थी। सूर्यकांत का महासमुंद स्थित वार्ड नंबर एक में पैतृक निवास है। वहां भी आयकर टीम पहुंची थी। इसके अलावा सूर्यकांत के सहयोगी महासमुंद के अजय नायडू के यहां भी आयकर जांच की गई। सूर्यकांत के करीबी ट्रांसपोर्टर कोरबा के रिंटू सिंह के यहां भी आयकर जांच की खबर थी। आयकर सूत्रों के मुताबिक कुल 4 जगहों पर आयकर की जांच की गई। इसमें जबलपुर, इंदौर, और रायपुर के अफसर थे। जबलपुर के अफसर एक बस से यहां आए। खुद सूर्यकांत तिवारी और उनके दो सहयोगी चंद्राकर और हेमंत जायसवाल के ठिकानों पर जहां पर कि आयकर टीमें पहुंची, वे तीनों ही उन जगहों पर मौजूद नहीं थे। इन तीनों को ही लेकर खबरें ( जिसकी पुष्टि नहीं) आईं कि यह दक्षिण भारत के किसी शहर में थे और केंद्रीय एजेंसियों ने उन्हें वहीं से पूछताछ में शामिल कर लिया था।  इधर, गौरीशंकर श्रीवास ने कांग्रेस नेता सूर्यकांत तिवारी की गिरफ्तारी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश के मीडिया का गला इस कदर घोंटा गया है कि केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा कांग्रेस नेता सूर्यकांत तिवारी मुख्यमंत्री के दुलरवा की दूसरे राज्य से गिरफ्तारी और रायपुर लैंडिंग की खबर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जवाब तो देना होगा, किस न्याय योजना के तहत गिरफ्तारी हुआ है।

आयकर दफ्तर में सीआरपीएफ का घेरा

आकाशवाणी के पास आयकर दफ्तर में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीआरपीएफ की टीम वहां पहुंची है, और दफ्तर के आसपास तैनात है। आयकर छापों में पुलिस की मदद नहीं ली गई है।