पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी का निधन, शंकराचार्य हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस

पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी का निधन, शंकराचार्य हॉस्पिटल में ली अंतिम सांस रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी (78) का आज निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें शंकराचार्य हॉस्पिटल जुनवानी भिलाई में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होंने आखिरी सांस ली। भजन सिंह निरंकारी के निधन पर कांग्रेस में शोक है। कांग्रेस नेता लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीटर पर कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, वैशाली नगर के पूर्व विधायक और साडा के पूर्व अध्यक्ष भजन सिंह निरंकारी जी के निधन की सूचना दुखद है। छत्तीसगढ़ और विशेषकर दुर्ग ज़िले की राजनीति में उनकी अपनी एक जगह थी जो कभी भरी नहीं जा सकेगी। ईश्वर उनके परिजनों को दुख की घड़ी सहने की शक्ति प्रदान करें।    बता दें कि भजन सिंह निरंकारी मप्र शासन काल में 5 साल ऊर्जा निगम के अध्यक्ष रहे। संत निरंकारी मिशन के छत्तीसगढ़ के जोनल इंचार्ज रहे। 1985 से 1990 तक साडा के चेयरमैन रहे। 2009 में हुए उपचुनाव में वैशालीनगर विधानसभा से चुनाव लड़े और भाजपा के जागेश्वर साहू को हराकर विधायक बने थे।