शिंदे गुट ने जीती पहली लड़ाई, राहुल विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर हुए काबिज, दूसरी जंग कल

शिंदे गुट ने जीती पहली लड़ाई, विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर राहुल हुए काबिज, दूसरी जंग कल डेस्क। महाराष्ट्र में सियासी घमासान के बाद एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बन गए हैं। इसके बाद आज विधानसभा का पहला सत्र आयोजित किया गया। दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष चुनने के लिए वोटिंग हुई, जिसमें बीजेपी गठबंधन के उम्मीदवार राहुल नार्वेकर की जीत हुई। उन्हें कुल 164 वोट मिले। विपक्ष में 107 वोट पड़े। अब सोमवार को नई सरकार का शक्ति परीक्षण भी होगा। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के बाद यह राह काफी आसान दिख रही है। शिवसेना के शिंदे गुट औऱ बीजेपी आसानी से बहुमत सिद्ध कर लेंगे, ऐसे कयास लगाये जा रहे हैं। बता दें कि रविवार सुबह शिंदे गुट के विधायकों ने महाराष्ट्र विधानसभा में शिवसेना विधायक दल का दफ्तर सील कर दिया था। विधान भवन में शिवसेना विधायक दल के कार्यालय के बंद दरवाजों पर प्लास्टिक टेप के साथ एक श्वेत पत्र चिपकाया गया है, जिस पर मराठी में संदेश लिखा है-शिवसेना विधायक दल के निर्देशानुसार कार्यालय बंद है।  अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए शिवसेना के नेता और उद्धव ठाकरे के करीबी राजन साल्वी शिवसेना-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार थे, जो पहली बार विधायक बने भाजपा उम्मीदवार राहुल नार्वेकर को चुनौती दिया।