भूस्खलन से 37 मौत : छत्तीसगढ़ के लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पांडेय शहीद, बचाव दल ने बरामद किया शव

भूस्खलन से 37 मौत : छत्तीसगढ़ के लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पांडेय शहीद, बचाव दल ने बरामद किया शव दुर्ग। मणिपुर भूस्खलन में 37 जवान शहीद हो गए हैं। इस हादसे में भिलाई निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पांडेय भी शहीद हो गए हैं। रेस्क्यूत के दौरान आज उनका पार्थिव शरीर सेना ने बरामद किया है। उनकी पत्नी भी सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। उनके दो बेटे हैं। भिलाई निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पांडेय मणिपुर के नोनी जिले में पदस्थ थे। जिले के जिबिरम रेलवे स्टेशन के आगे रेलवे लाइन बिछ रही थी। यह एरिया बोडो उग्रवादियों से खासा प्रभावित है, इसलिए जिबिरम रेलवे लाइन की सुरक्षा व निर्माण कार्य मे लगे लोगों की सुरक्षा के लिए गोरखा राइफल्स के टेरिटोरियल आर्मी के कम्पनी क्रमांक 107 को लगाया गया था। लेफ्टिनेंट कर्नल पांडेय अपनी टीम के कमांडिंग ऑफिसर थे। वे पिछले माह जून में ही मेजर पद से प्रमोशन पाकर लेफ्टिनेंट कर्नल बने थे। सेना के जवानों के लिए निर्माण स्थल से थोड़ी ही दूरी पर कैम्प बना हुआ था। कैम्प के एक ओर नदी व तीन ओर पहाड़ है। बुधवार की देर रात तकरीबन 12 बजे लेफ्टिनेंट कर्नल पांडेय ने अपनी मां कुसुम पांडेय व बहन भावना पांडेय से वीडियो कॉल पर बात की। वे 2019 में मां के स्वास्थ्य खराब होने पर भिलाई आए थे फिर नहीं आ पाए। वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान मां ने उनसे भिलाई आने के बारे में पूछा तो उन्होंने जल्द आने का वादा कर कैंप के पीछे कोई आवाज आने की बात कह फोन डिस्कनेक्ट कर दिया। पांडेय कैंप के पीछे गए, तभी भूस्खलन से नदी का तट ढहा फिर पहाड़ का मलबा नदी में गिर गया, जिसकी चपेट में सेना के 42 जवान समेत 81 लोग आ गए थे। सेना के जवानों के रेस्क्यू में लगातार बारिश बाधा बनी। आज पांडेय का पार्थिव शरीर रेस्क्यू के दौरान मिला। उनकी पत्नी डॉक्टर छवि पांडेय दिल्ली में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर पदस्थ हैं। भिलाई में उनकी मां कुसुम पांडेय व बहन भावना पांडेय रहती हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मणिपुर लैंडस्लाइड में शहीद हुए लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पांडेय को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। भिलाई नेहरू नगर (पूर्व) निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पांडेय मणिपुर के नोनी जिले की रेल परियोजना की सुरक्षा में तैनात गोरखा राइफल्स की कंपनी का नेतृत्व कर रहे थे। इस दौरान भू-स्खलन होने से वे शहीद हो गए। मुख्यमंत्री ने शहीद लेफ्टिनेंट कर्नल के परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से उनके परिवारजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। लेफ्टिनेंट कर्नल कपिल देव पांडेय के परिवार में उनकी माता कुसुम पांडेय (माता), उनकी धर्मपत्नी लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. छवि पांडेय, बहन भावना पांडेय और कंचन अग्रवाल तथा दो बेटे हैं। भावना पाण्डेय नवभारत ग्रुप के दैनिक सेंट्रल क्रानिकल की भिलाई प्रभारी और न्यू प्रेस क्लब भिलाई की अध्यक्ष हैं।

अभी 25 लापता, तलाशी अभियान जारी

बता दें कि मणिपुर के नोनी जिले में एक रेलवे निर्माण स्थल पर भूस्खलन के कारण मारे गए तीन और लोगों के शव बरामद किये गए, जिसके बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 37 हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि 25 और लोगों को ढूंढने के लिये तलाश अभियान जारी है। गुवाहाटी में एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि अब तक मलबे से 37 शव बरामद किये गए हैं, जिसमें से 24 प्रादेशिक सेना के कर्मी हैं और 13 आम लोगों के शव हैं। उन्होंने कहा, “प्रादेशिक सेना के छह लापता कर्मियों और 19 अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास जारी है।”

18 लोग सुरक्षित निकाले गए

सेना, असम राइफल्स, प्रादेशिक सेना, एसडीआरएफ और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल तलाश अभियान में जुटे हैं। प्रवक्ता ने कहा, “खराब मौसम के बावजूद तलाश अभियान जारी है। कल रात भारी बारिश हुई थी और भूस्खलन हुआ था।” अब तक प्रादेशिक सेना के 13 कर्मियों और पांच आम लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। निकम्मा शिक्षक: शिक्षा सचिव के बयान से शिक्षकों में नाराजगी, कहा- निकम्मे शिक्षक करते हैं 80 काम, जानिए वो काम छत्तीसगढ़ में कोरोना केस में आई तेजी, मिले 161 नए मरीज, जानिए अपने जिले का हाल PM Modi’s success proves democracies can deliver: Biden praises India’s Covid war