एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में हासिल किया बहुमत, उद्धव की शिवसेना को लगा झटका मुंबई। महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में बहुमत परीक्षण पास कर लिया है। उनको 164 वोट मिले हैं। वहीं सरकार के विपक्ष में 99 वोट पड़े। कई ऐसे विधायक थे जो वोट नहीं डाल पाये। कुछ ऐसे भी थे, जिन्होंने विधानसभा में होने के बावजूद वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया, इससे विपक्ष को नुकसान हुआ। उद्धव खेमे को वोटिंग के दौरान भी झटका लगा। उनके गुट के दो विधायकों (एक शिवसेना का, दूसरा छोटे दल का) ने शिंदे सरकार के पक्ष में वोट डाला। इससे पहले रविवार को स्पीकर के चुनाव में भी भाजपा और एकनाथ शिंदे गुट के प्रत्याशी राहुल नार्वेकर भी इतने ही वोट हासिल करके जीते थे। वोटिंग में पूर्व सीएम अशोक चव्हाण समेत कांग्रेस के 5 विधायक हिस्सा नहीं ले सके। कहा जा रहा है कि ये लोग विधानसभा में 11 बजे के तय वक्त के बाद पहुंचे और तब तक दरवाजे बंद हो चुके थे। ऐसे में उन्हें वोटिंग का मौका नहीं मिल सका। वहीं शिवसेना के महज 15 विधायकों ने ही पार्टी की व्हिप के आधार पर सरकार के खिलाफ वोट डाला, जबकि 40 विधायकों ने शिंदे सरकार के समर्थन में मतदान किया। यही नहीं इस दौरान उद्धव ठाकरे की शिवसेना पहले से भी कमजोर नजर आई। उनके समर्थक रहे विधायक संतोष बांगड़ और श्याम सुंदर शिंदे भी सोमवार को एकनाथ शिंदे सरकार के पक्ष में दिखाई दिए। स्पीकर ने पहले ध्वनिमत से वोटिंग का प्रयास किया था, लेकिन इस पर विपक्ष ने ऐतराज जताया था। इस पर स्पीकर राहुल नार्वेकर ने दोनों पक्षों के विधायकों को सीट पर ही खड़ा कराया और फिर विधानसभा के कर्मचारियों ने उनके पास जाकर मत लिया और उसके आधार पर ही फैसला लिया। इस दौरान एक दिलचस्प नजारा भी विधानसभा में देखने को मिला।