छात्रों से झाड़ू लगवाना शिक्षक को पड़ा भारी, जॉइंट डायरेक्टर ने किया निलंबित, आदेश जारी कोरिया। स्कूली बच्चों से झाड़ू लगवाते वीडियो वायरल होने के बाद बवाल मच गया। सरगुजा संभाग के जॉइंट डायरेक्टर लोक शिक्षण ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है। इस संबंध में कोरिया डीईओ ने जॉइंट डायरेक्टर के पास जांच रिपोर्ट भेजी थी, जिसके आधार पर प्रधान पाठक मनोहर सिंह सुधाकर को सस्पेंड किया गया है। दरअसल, पिछले दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। वीडियो में स्कूली ड्रेस पहने बच्चे-बच्चियां हाथ में झाड़ू पकड़कर साफ-सफाई कर रहे थे। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया में जमकर प्रतिक्रिया हुई थी, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने इस मामले में संज्ञान लिया। वीडियो की जांच में पाया गया कि जिन स्कूली बच्चों से साफ सफाई कराई जा रही है, वो वीडियो शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नारायणपुर कोरिया का है। इस जानकारी के आधार पर प्रतिवेदन जेडी सरगुजा को भेजा गया था, जिसके बाद डीईओ के प्रतिवेदन पर जेडी ने प्रधान पाठक को सस्पेंड करने का आदेश दिया है। प्रधान पाठक मनोहर सिंह सुधाकर को सस्पेंशन अवधि में बीईओ कार्यालय भरतपुर कोरिया में अटैच किया गया है।