स्पोर्ट्स डेस्क। टीम इंडिया ने गुरुवार को खेले गए पहले टी20 मैच में इंग्लैंड को 50 रनों से मात दे दी है। 199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश टीम 19.3 ओवर्स में 148 रन पर ढेर हो गई। भारतीय टीम की जीत के हीरो हार्दिक पंड्या रहे, जिन्होंने गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के बीच अब दूसरा टी20 मैच 9 जुलाई (शनिवार) को एजबेस्टन में खेला जाएगा। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम शुरुआत से ही विकेट गंवाती रही और उसका टारगेट तक पहुंचना काफी मुश्किल हो गया। मोईन अली ने सबसे ज्यादा 36 और हैरी ब्रुक ने 28 रनों की पारी खेली। वहीं क्रिस जॉर्डन 26 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह को दो-दो सफलताएं प्राप्त हुईं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान रोहित शर्मा ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी। रोहित ने महज 14 गेंदों में 24 रन बना डाले, जिसमें पांच चौके शामिल थे। भारतीय कप्तान पारी के तीसरे ओवर में मोईन अली की गेंद पर आउट हुए। हालांकि रोहित के साथी ओपनर ईशान किशन संघर्ष करते दिखाई दिए और वह 10 गेंदों का सामना करते हुए महज आठ रन बना पाए। रोहित के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव और दीपक हुड्डा ने ताबड़तोड़ बैटिंग कर रन-रेट को 10 रनों के ऊपर बनाए रखा। सूर्यकुमार यादव ने 19 बॉल पर 39 और दीपक हुड्डा ने 17 बॉल पर 33 रन बनाए। इसके बाद हार्दिक पंड्या ने अपनी बैटिंग का जादू बिखेरते हुए अपने टी20 इंटरनेशनल का पहला अर्धशतक जड़ दिया। हार्दिक ने 33 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल रहा। एक समय भारतीय टीम 200 के ऊपर आसानी से पहुंचती दिखाई दे रही थी, लेकिन लगातार विकेट गिरने के चलते वह ऐसा नहीं कर पाई। आखिरी पांच ओवर में भारत महज 41 रन बना पाया। इंग्लैंड की ओर से क्रिस जॉर्डन और मोईन अली ने दो-दो विकेट चटकाए। इंग्लैंड की टीम जेसन रॉय, जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), डेविड मलान, मोईन अली, लियाम लिविंगस्टोन, हैरी ब्रुक, सैम कुरेन, क्रिस जॉर्डन, टाइमल मिल्स, रीस टॉप्ली, मैथ्यू पार्किंसन। भारतीय टीम रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, दीपक हुड्डा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।