राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मुर्मू आएंगी छत्तीसगढ़, भाजपा ने कांग्रेस विधायकों से की अपील

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मुर्मू आएंगी छत्तीसगढ़, भाजपा ने कांग्रेस विधायकों से की अपील रायपुर। एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 15 जुलाई को छत्तीसगढ़ आएंगी। वे रायपुर के एक निजी होटल में सांसद विधायकों से भेंट करेंगी और चुनाव में समर्थन मांगेंगी। वे सभी दलों से मदद मांगेंगी। छत्तीसगढ़ में 32 प्रतिशत आबादी आदिवासियों की है, इसलिए यहां राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। हालांकि इसमें एक नया ट्विस्ट यह आ गया है कि भाजपा की ओर से जोगी कांग्रेस से तो संपर्क किया गया है, लेकिन बसपा के विधायकों से किसी ने बात नहीं की है। विधानसभा में जोगी कांग्रेस विधायक दल के नेता धर्मजीत सिंह के मुताबिक उनकी पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का निर्णय लिया है। भाजपा की ओर से भी उन्हें संपर्क किया गया है, इसलिए वे मुर्मू को समर्थन देंगे और 15 की बैठक में भी शामिल होंगे। बसपा विधायक दल के नेता केशव चंद्रा ने एक मीडिया से चर्चा में बताया कि उनसे अब तक भाजपा की ओर से किसी ने संपर्क नहीं किया है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने मुर्मू को समर्थन देने की बात कही है, लेकिन पार्टी की ओर से अभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। ऐसे में उन्होंने 15 जुलाई की बैठक में आने के लिए कोई निर्णय नहीं लिया है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में गुरुवार को हुई बैठक के बाद भाजपा ने सभी विधायकों से अंतरात्मा की आवाज सुनकर वोट देने का आग्रह किया है। दरअसल, आदिवासी बहुल छत्तीसगढ़ में बस्तर और सरगुजा दोनों ही संभाग की सभी सीटों पर कांग्रेस के विधायक हैं। भाजपा ने पहली बार आदिवासी समाज से महिला को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाया है। मुर्मू के नाम पर संयुक्त विपक्ष में शामिल कई दलों ने यशवंत सिन्हा के बजाय मुर्मू को समर्थन देने का ऐलान किया है। इस वजह से भाजपा ने कांग्रेस के भी विधायकों से अंतरात्मा की आवाज सुनकर मुर्मू को वोट देने की अपील की है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाला कौशिक के अलावा सभी सांसद विधायक और संगठन के नेता मौजूद थे। इस दौरान मुर्मू के स्वागत से लेकर अन्य मुद्दों पर बात की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू के दौरे पर भव्य स्वागत की तैयारी है। एयरपोर्ट पर प्रमुख पदाधिकारी रहेंगे। इसके अलावा आदिवासी नर्तक दलों को भी बुलाया जाएगा जो पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत करेंगे। पहली बार आदिवासी वर्ग से महिला उम्मीदवार को मौका दिया गया है। इससे समाज में उत्साह है। भाजपा ने तय किया है कि सभी दलों से संपर्क करेंगे। कांग्रेस के विधायकों से भी संपर्क कर समर्थन मांगेंगे।